न्यूकैसल यूनिवर्सिटी: अनंत अंबानी को मानद उपाधि, दान की बात नकारी
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी को ब्रिटेन की प्रतिष्ठित न्यूकैसल यूनिवर्सिटी द्वारा 'प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस' की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव कल्याण और ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया गया है, न कि किसी वित्तीय दान के एवज में.
न्यूकैसल यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता ने इन चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें अनंत अंबानी या उनकी किसी भी संबद्ध कंपनी से कोई आर्थिक सहायता प्राप्त नहीं हुई है.
यह सम्मान अनंत अंबानी द्वारा गुजरात के जामनगर में स्थापित 'वंतारा' वन्यजीव संरक्षण पहल और रिलायंस ग्रुप के हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) परिवर्तन का नेतृत्व करने के प्रयासों के उपलक्ष्य में दिया गया है.
विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक किंग्स हॉल में आयोजित समारोह में अनंत अंबानी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्थिरता अब वैश्विक आंदोलन बनना चाहिए. न्यूकैसल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर क्रिस डे ने अनंत अंबानी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जैव विविधता के नुकसान को रोकने और पर्यावरण सुधार के लिए इस तरह के साहसी प्रयासों की सख्त आवश्यकता है.
दूसरी ओर, इस फैसले को लेकर ब्रिटेन के शैक्षणिक और पर्यावरण जगत में मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है.
'द गार्जियन' की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ पर्यावरणविदों ने तेल और गैस कारोबार से जुड़े समूह के कार्यकारी को ऐसा शैक्षणिक सम्मान दिए जाने पर चिंता जताई है.
हालांकि, यूके के प्रमुख कारोबारी और कंजर्वेटिव पार्टी के नेता लॉर्ड रामी रेंजर ने आलोचनाओं का जवाब देते हुए इसे भारत की बढ़ती वैश्विक साख और विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय प्रोफाइल को मजबूत करने वाला कदम बताया है.
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि इस भूमिका से अनंत अंबानी को कोई शैक्षणिक अधिकार या विश्वविद्यालय की नीतियों में हस्तक्षेप का अधिकार नहीं मिलेगा.