ओडिशा में धान रोपाई के दौरान गिरी गाज, जशपुर की दो महिला मजदूरों की मौत
जशपुर । संवाददाता: पड़ोसी राज्य ओडिशा में रोजी-रोटी कमाने गईं छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की दो महिला मजदूरों की मंगलवार शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा सुंदरगढ़ जिले के बलिशंकरा क्षेत्र स्थित भट्ठी टोला बस्ती में उस वक्त हुआ, जब अचानक मौसम बदलने के साथ खेत में तेज बिजली आ गिरी.
मृतकों की पहचान फरसाबहार ब्लॉक के बरडीह गांव निवासी चंपा बाई (48) और सुशीला बाई (50) के रूप में हुई है. हादसे में खेत में काम कर रही छह से अधिक अन्य महिला मजदूर भी घायल हुई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है.
फरसाबहार और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के सीमित साधन होने के कारण हर साल धान रोपाई के सीजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण ओडिशा का रुख करते हैं. सुंदरगढ़ और आसपास के इलाकों में मजदूरों की मांग बढ़ने के कारण इस बार भी बरडीह गांव से कई लोग समूहों में मजदूरी करने गए थे.
अपने परिवार का पेट पालने की उम्मीद में घर से निकलीं इन दोनों महिलाओं की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे बरडीह में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना की सूचना मिलने के बाद छत्तीसगढ़ और ओडिशा, दोनों राज्यों का स्थानीय प्रशासन व पुलिस हरकत में आ गए हैं. मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम पूरा कराकर उन्हें बरडीह गांव वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
परिजनों को किसी तरह की कागजी या प्रशासनिक परेशानी न झेलनी पड़े, इसके लिए दोनों राज्यों के अधिकारी आपस में लगातार तालमेल बनाए हुए हैं. इस दुखद हादसे ने एक बार फिर सीमावर्ती क्षेत्रों में मौसमी पलायन की मजबूरी और आकाशीय बिजली जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के पुख्ता इंतजामों की जरूरत को रेखांकित कर दिया है.