कोंडागांव: पिता ने 8 साल की मासूम बेटी के साथ किया रेप
कोंडागांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोंडागाँव जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद घिनौना मामला सामने आया है, जहाँ एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 8 वर्षीय मासूम बेटी को अपनी हवस का शिकार बना डाला. लोकलाज और डर के साए में जी रही मासूम का सब्र जब गुरुवार की रात टूट गया, तो उसने हिम्मत जुटाकर अपनी माँ को पूरी कहानी बयां कर दी.
इस खौफनाक वारदात की जानकारी मिलते ही शुक्रवार सुबह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को धर दबोचा और उसे जेल भेज दिया है.
कोतवाली थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार की सुबह एक महिला अपनी 8 साल की पीड़ित बेटी को लेकर बदहवास हालत में थाने पहुँची थी. महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि गुरुवार की रात जब वह घर से बाहर शौच के लिए गई हुई थी, इसी सूनेपन का फायदा उठाकर उसके पति ने अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ अनाचार की वारदात को अंजाम दिया.
जब माँ वापस घर लौटी तो उसने अपनी बच्ची को बुरी तरह रोते और सहमे हुए देखा. काफी पूछने पर बच्ची ने रोते हुए अपने पिता की इस घिनौनी करतूत का खुलासा किया.
पुलिस की पूछताछ में पीड़ित बच्ची ने बताया कि उसका पिता पहली बार ऐसा नहीं कर रहा था. वह इससे पहले भी उसे डरा-धमकाकर करीब 3 से 4 बार अपनी हवस का शिकार बना चुका था. लोकलाज और पिता की धमकियों के डर से मासूम अब तक चुप रही और अंदर ही अंदर घुटती रही.
वह कई बार अपनी माँ को यह बात बताने की कोशिश कर चुकी थी, लेकिन खौफ के कारण हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी. गुरुवार की रात जब पिता ने फिर से सारी हदें पार कर दीं, तो बच्ची के सब्र का बांध टूट गया.
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की माँ की लिखित शिकायत पर पुलिस ने तुरंत विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया. पुलिस टीम ने फौरन कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से अदालत के आदेश पर उसे जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया गया है. परिजनों के मुताबिक, इस पीड़ित बड़ी बेटी के अलावा घर में एक छोटा बेटा भी है, जो इस पूरी घटना के बाद से सदमे में हैं.