बस्तर पहुंचे चुनाव आयुक्त, होगी अतिरिक्त फोर्स की तैनाती
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह मंगलवार को अपने एक दिवसीय प्रवास पर जगदलपुर पहुंचे. उन्होंने नक्सल प्रभावित सुकमा और बस्तर जिले का दौरा किया और यहां पर स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करने के साथ ही मतदान केंद्रों और काउंटिंग हॉल का निरीक्षण किया.
साथ ही अधिकारियों के साथ चुनाव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की.
मुख्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने कहा कि बस्तर संभाग नक्सल प्रभावित क्षेत्र है और यहां शांतिपूर्ण चुनाव कराना आयोग के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होता है.
आय़ुक्त ने चुनावों से पहले की सारी तैयारियों का जायजा लेते हुए अंदरूनी क्षेत्रों में चुनाव प्रचार - प्रसार के दौरान जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा के लिए पुलिस के आला अधिकारियों को खास निर्देश भी दिए.
उन्होंने कहा कि बस्तर में चुनाव संपन्न कराने के लिए केंद्र से अतिरिक्त फोर्स की मांग की गई है. इस बार भी भीतरी इलाकों के मतदान केंद्रों तक मतदान दल और फोर्स को पहुंचाने के लिए इस चुनाव में भी हेलीकॉप्टर की मदद ली जाएगी.
नक्सल इलाकों में बेहतर लोकेशन में होगा मतदान केंद्र
मुख्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि बस्तर में पिछले सालों की तुलना में वर्तमान में बेहतर स्थिति है.
इस बार कोशिश की गई है कि नक्सल प्रभावित जिलों के अंदरूनी इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को मतदान करने के लिए ज्यादा दूरी तय न करना पड़े, इसके लिए कई मतदान केंद्रो को शिफ्ट किया गया है.
आयोग की तरफ से इस बार के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़े इसके लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है.
अंदरूनी इलाकों के मतदान केंद्रों को सुरक्षा के साये में बेहतर लोकेशन में बनाने की तैयारी भी इस बार राज्य निर्वाचन आयोग की है.
आयुक्त ने कहा कि ईवीएम मशीन को लेकर राज्यस्तर में कुछ आपत्तियां मिली थीं. इसको लेकर आयोग के द्वारा जागरूकता अभियान भी चलाया गया है. पिछले बार के नगरीय निकाय चुनाव में महापौर के लिए मतपेटी से चुनाव हुए थे. इस बार ईवीएम से चुनाव किया जा रहे हैं. ऐसे में सभी नगरीय निकायों में जिला निर्वाचन के द्वारा ईवीएम को लेकर मतदाताओं को जागरुक भी किया जा रहा है.