रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

धमतरी: में संदेहास्पद संबंधों के चलते युवती की चाकू घोंपकर हत्या

C

CG Khabar

04 अक्टू. 2026, 09:19 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

चाकू से हत्या
चाकू से हत्या

धमतरी । संवाददाता: धमतरी जिले के कुरुद स्थित श्री बालाजी राइस मिल परिसर में चरित्र पर शक के चलते एक सिरफिरे युवक ने अपनी ही सहकर्मी युवती पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी. मृतका कोंडागांव जिले के ग्राम कानागांव की निवासी थी और कुरुद के भोथली रोड स्थित इस मिल में पिछले कुछ समय से मजदूरी कर रही थी. 


मामले की सूचना मिलते ही कुरुद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

विज्ञापन


पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, भाठागांव निवासी आरोपी दुलेश्वर टंडन उसी राइस मिल में कार्यरत्त था और युवती को पसंद करता था. हाल ही में आरोपी को युवती के किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बातचीत करने का संदेह हुआ. 


इसी जलन और चरित्र शंका के चलते शुक्रवार देर रात आरोपी चाकू लेकर युवती के कमरे में घुस आया और उस पर 9 से 10 बार जानलेवा वार कर फरार हो गया. हमले में गंभीर रूप से घायल युवती को तुरंत धमतरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.


घटना की पुष्टि करते हुए एडिशनल एसपी डीसी पटेल ने बताया कि मामले में पहले हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था, जिसे युवती के निधन के बाद हत्या की धाराओं में तब्दील कर दिया गया है. 


पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी दुलेश्वर टंडन को हिरासत में लिया और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की वैधानिक छानबीन कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP