गेवरा खदान में नेपाली हेल्पर की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा के गेवरा खदान में ड्रिल मशीन की चपेट में आने से एक हेल्पर की मौत हो गई है. हेल्पर का नाम राजन राणा, 25 वर्ष था. वह नेपाल से काम के सिलसिले में गेवरा आया हुआ था.
यह हादसा कोरबा के गेवरा खदान में सुबह के 3 बजे हुआ जब अंधेरा था. हादसा उस समय हुआ जब वाहन चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन को रिवर्स किया जिससे पीछे खड़े हेल्पर राजन राणा कुचल गया.
मृतक राजन राणा कॉलिंग कंपनी में काम करता था तथा खदान के ही मेस नंबर 22 में रहता था. घायल राजन राणा को अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
घटना की जानकारी मिलते ही खदान प्रबंधन और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है. दीपिका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है.
स्थानीय लोगों और खदान के श्रमिकों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश है. उन्होंने ड्रिल मशीन चालक और कॉलिंग कंपनी की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुये दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.