रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बीजापुर: भोपालपटनम के बड़े तालाब में मिला लापता शिक्षक का शव

C

CG Khabar

05 अग. 2026, 01:58 PM 1 मिनट में पढ़ें 2

शव
शव

बीजापुर । संवाददाता: बीजापुर जिले के गोटाईगुड़ा निवासी 55 वर्षीय शिक्षक मंतैया तोडेम का शव बुधवार सुबह भोपालपटनम स्थित नगर पंचायत के बड़े तालाब से बरामद किया गया. पिछले तीन दिनों से तालाब के किनारे एक लावारिस स्कूटी खड़ी थी, जिसे पहले तो स्थानीय लोगों ने नजरअंदाज कर दिया था. 


हालांकि, बुधवार को जब पानी में शव तैरता हुआ दिखाई दिया, तब पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों की मदद से चलाए गए सर्च ऑपरेशन के जरिए शव को बाहर निकाला और स्कूटी के आधार पर मृतक की पहचान कर उनके परिजनों को सूचित किया.

विज्ञापन


इस दुखद घटना के बाद से पूरे भोपालपटनम क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. भोपालपटनम थाना पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. 


फिलहाल मौत की असल वजह का पता नहीं चल सका है. पुलिस का कहना है कि वे हादसा, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP