रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बेमेतरा: कच्ची दीवार ढहने से दो मासूम बच्चियों की मौत

C

CG Khabar

28 जून 2026, 02:09 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

दीवार ढही
दीवार ढही

रायपुर । संवाददाता: रविवार को बेमेतरा जिले के राउरपुर गांव में एक जर्जर कच्ची दीवार अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया. इस दर्दनाक घटना में मलबे के नीचे दबकर 10 और 12 साल की दो बच्चियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य महिला जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है. सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.


यह हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार खाना खाने के बाद घर के बाहर रोजमर्रा के काम निपटा रहा था. शशिकला खंडेलवाल नाम की महिला पुरानी और कमजोर हो चुकी एक कच्ची दीवार के समीप बैठकर बर्तन साफ कर रही थीं. उनके ठीक पास ही 12 वर्षीय वंशिका कोशले और 10 वर्षीय राधिका कोशले भी मौजूद थीं. 

विज्ञापन


इसी दौरान वह खस्ताहाल दीवार अचानक भरभराकर तीनों के ऊपर गिर पड़ी, जिससे किसी को भी संभलने का या भागने का कोई मौका नहीं मिला.


दीवार गिरने की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत दौड़ पड़े. गांव वालों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों मासूम बच्चियों की सांसें थम चुकी थीं. 


वहीं, गंभीर रूप से घायल शशिकला को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया है. महिला की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है.


फिलहाल प्रशासन की टीम मौके का मुआयना कर आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP