कांकेर: तीन माओवादियों ने पुलिस थाने में किया सरेंडर
कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले से सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है, जहाँ शनिवार को तीन सक्रिय माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया. मामला पखांजूर नगर पंचायत के परतापुर थाना क्षेत्र का है, जहाँ संगीता कुंजाम, संजू और लखमू नामक नक्सलियों ने बिना किसी हथियार के थाने पहुँचकर आत्मसमर्पण कर दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों नक्सली स्वेच्छा से पुलिस के संपर्क में आए और शांतिपूर्ण जीवन जीने की इच्छा जताई.
हालांकि, इस सरेंडर को लेकर फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से कोई औपचारिक पुष्टि या विस्तृत प्रेस नोट जारी नहीं किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्मसमर्पण करने वाले इन सदस्यों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनकी संगठनात्मक भूमिका की जांच जारी है. जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पुलिस इस मामले में आधिकारिक बयान साझा करेगी.