दिल्ली में फंसे जिम्बाब्वे के क्रिकेटर वैकल्पिक मार्ग से स्वदेश रवाना
नई दिल्ली । डेस्क: खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण भारत में फंसे जिम्बाब्वे के क्रिकेटरों का पहला जत्था बुधवार को स्वदेश के लिए रवाना हो गया. टी20 विश्व कप 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद जिम्बाब्वे की टीम को 2 मार्च को ही निकलना था, लेकिन ईरान पर अमेरिका और इजरायली हमलों के बाद उपजे संघर्ष के कारण खाड़ी देशों का हवाई मार्ग बंद कर दिया गया.
आईसीसी (ICC) ने हस्तक्षेप करते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की है.
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने 'X' पर एक आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की. बोर्ड ने बताया कि उड़ान की उपलब्धता और संशोधित रूट के कारण पूरी टीम बैचों में हरारे लौटेगी.
पहला समूह बुधवार को रवाना हो चुका है, जबकि शेष खिलाड़ी शुक्रवार दोपहर को प्रस्थान करेंगे.
पहले टीम को एमिरेट्स की फ्लाइट से दुबई होते हुए जाना था, लेकिन अब उन्हें इथियोपिया के अदीस अबाबा के रास्ते भेजा जा रहा है.
गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा, जहां उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी दिग्गज टीमों को हराकर सुपर-8 में जगह बनाई थी. इसी बीच खबर है कि वेस्टइंडीज की टीम भी इन्हीं कारणों से भारत में रुकी हुई है, हालांकि उनकी रवानगी पर अभी कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया है.