पुलिस पूछताछ के बाद युवक ने लगाई फांसी, प्रताड़ना का आरोप
अंबिकापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लखनपुर में पुलिस पूछताछ के बाद एक युवक ने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली. घटना के बाद युवक के परिजनों ने पुलिस पर जांच के नाम पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.
साथ ही लखनपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक पर 50 हजार रुपए मांगने का भी आरोप लगाया है.
परिजनों ने प्रधान आरक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर शव को सड़क पर रख बैठ गए थे. मामले को बढ़ता हुआ देख सरगुजा एसपी ने प्रधान आरक्षक को तत्काल लाइन अटैच कर दिया.
बताया गया कि लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चुकनडांड निवासी आशीष मिंज का एक नाबालिग युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था.
युवती 20 नवंबर 2024 को आशीष से मिलने उसके घर आई थी. दूसरे दिन युवती ने प्रेमी के घर पर ही फांसी लगा ली थी.
युवक आशीष ने भी जहर सेवन कर लिया था. उपचार के बाद युवक ठीक हो गया था. इसी मामले में पुलिस युवक और उसकी मां से पूछताछ कर रही थी.
शुक्रवार को भी प्रधान आरक्षक युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था. पूछताछ के बाद शाम को आशीष मिंज घर लौटा था.
बताया गया कि रात में युवक खाना खाए बगैर ही सो गया था. रात में उसने घर के बाहर पेड़ पर फांसी लगा ली.
युवक आशीष मिंज की मां अलका मिंज ने आरोप लगाया है कि प्रधान आरक्षक पन्ना एक्का ने मामला रफा-दफा करने 50 हजार रुपए की मांग की थी.
इसकी शिकायत उसने लखनपुर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईएएस आईपीएस से की थी. पुलिस प्रताड़ना से परेशान होकर आशीष मिंज ने फांसी लगा ली.