शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बांग्लादेश क्यों नहीं शामिल होगा ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में?

C

CG Khabar

11 सित. 2026, 07:22 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

तारिक रहमान
तारिक रहमान

ढाका । डेस्क: बांग्लादेश ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में किसी भी आधिकारिक हैसियत से हिस्सा नहीं लेगा. ढाका में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने साफ किया कि भारत ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि बिम्सटेक (BIMSTEC) के अध्यक्ष के नाते आमंत्रित किया था.


कबीर ने मीडिया के सवालों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जब बांग्लादेश सरकार के प्रतिनिधि को बतौर देश आमंत्रित ही नहीं किया गया, तो वहां जाने का सवाल ही नहीं उठता. भारत इस वर्ष ब्रिक्स सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जिसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम समेत कई वैश्विक नेता शिरकत कर रहे हैं.


विदेश राज्य मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान की पहली भारत यात्रा कोई बहुपक्षीय मंच नहीं हो सकती, बल्कि दोनों देशों के बीच एक द्विपक्षीय दौरा ही होगा, जिसकी रूपरेखा किसी अनुकूल समय पर तैयार की जाएगी. 


रहमान को 17 फरवरी 2026 को पद संभालने के तुरंत बाद भारत द्वारा द्विपक्षीय यात्रा का निमंत्रण दिया गया था. इसके बाद अगस्त में भारत ने बिम्सटेक, आसियान और अफ्रीकी संघ जैसे क्षेत्रीय संगठनों के अध्यक्ष देशों को आमंत्रित किया था.


भारतीय विदेश मंत्रालय द्वारा जारी सूची में आसियान, अफ्रीकी संघ, यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन, सेलाक (CELAC) और जीसीसी के प्रतिनिधियों के नाम शामिल हैं, लेकिन इसमें बांग्लादेश से किसी प्रतिनिधि का नाम नहीं है.


गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच प्रधानमंत्री रहमान की भारत यात्रा को लेकर बातचीत चल रही थी. हालांकि, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा नई दिल्ली में एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ढाका की वर्तमान सरकार पर तीखे हमले बोलने के बाद यह वार्ता प्रभावित हुई, जिस पर बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कड़ी आपत्ति जताई थी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP