ट्रंप के निशाने पर कौन, मदुरै या वेनेजुएला का तेल?
वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मदुरै को एक बार फिर कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि उनके लिए सत्ता छोड़ देना ही 'समझदारी' भरा कदम होगा. सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने न केवल मदुरै को पद छोड़ने की सलाह दी, बल्कि वेनेजुएला के जब्त किए गए तेल पर भी अपना दावा ठोक दिया.
ट्रंप ने स्पष्ट संकेत दिए कि हाल के हफ्तों में अमेरिकी सेना द्वारा जब्त किए गए तेल को अमेरिका या तो बेच सकता है या फिर अपने रणनीतिक भंडार को भरने के लिए इस्तेमाल कर सकता है.
ट्रंप का यह बयान उनके उस बड़े 'प्रेशर कैंपेन' का हिस्सा है, जिसके तहत अमेरिका ने इस क्षेत्र में अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा दी है. कैरेबियन सागर और प्रशांत महासागर में संदिग्ध जहाजों पर अब तक दो दर्जन से अधिक सैन्य हमले किए जा चुके हैं, जिनमें करीब 100 लोगों के मारे जाने की खबर है.
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या इन हमलों का मकसद मदुरै को सत्ता से हटाना है, तो उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि उनके लिए पद छोड़ना ही बेहतर होगा, बाकी यह उन पर निर्भर है. लेकिन अगर वे खुद को सख्त दिखाने की कोशिश करेंगे, तो यह उनका आखिरी मौका होगा."
इस दौरान ट्रंप के निशाने पर कोलंबियाई राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो भी रहे. ट्रंप ने पेट्रो को 'बेहद बुरा आदमी' बताते हुए उन पर अमेरिका में कोकीन भेजने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि उन्हें अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए.
ट्रंप की इन आक्रामक टिप्पणियों के बीच, निकोलस मदुरै ने पलटवार करते हुए कहा कि हर नेता को दूसरे देशों के मामलों में दखल देने के बजाय अपने आंतरिक मामलों पर ध्यान देना चाहिए.
बता दें कि अमेरिका ने हाल ही में वेनेजुएला के खिलाफ पूर्ण 'तेल नाकेबंदी' का भी ऐलान किया है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है.
गौरतलब है कि वेनेजुएला के तेल कुओं का राष्ट्रीयकरण हो चुका है, जो 1976 में शुरू हुआ और बाद में ह्यूगो चावेज़ के शासन (2007) में पूरा हुआ, जिससे सभी विदेशी तेल कंपनियों की संपत्तियों का सरकार की स्वामित्व वाली कंपनी PDVSA में विलय हो गया.
वेनेजुएला सरकार ने पूरे तेल उद्योग का राष्ट्रीयकरण किया, सभी विदेशी कंपनियों (जैसे अमेरिकी कंपनियों) की संपत्तियों को सरकारी कंपनी PDVSA को सौंप दिया.
बता दें कि 2007 में वेनेजुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो चावेज़ ने शेष विदेशी तेल परियोजनाओं का भी राष्ट्रीयकरण कर दिया, जिससे Exxon Mobil और ConocoPhillips जैसी कंपनियों को बाहर निकलना पड़ा.
वर्तमान में अमेरिका और वेनेजुएला के बीच इस मुद्दे पर विवाद जारी है, जिसमें अमेरिका ने PDVSA पर प्रतिबंध लगाए हैं.
2023 तक के आंकड़ों के अनुसार, वेनेजुएला के पास करीब 303 अरब बैरल तेल भंडार है, जो दुनिया में सबसे ज्यादा है.
पेट्रोलेओस डी वेनेजुएला, एसए (संक्षिप्त नाम पीडीवीएसए, स्पेनिश उच्चारण: [peðeˈβesa], अंग्रेजी: पेट्रोलियम ऑफ वेनेजुएला) वेनेजुएला की सरकारी स्वामित्व वाली तेल और प्राकृतिक गैस कंपनी है.