पश्चिम बंगाल: 11वीं की छात्रा से दुष्कर्म और हत्या का मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर
उत्तर 24 परगना के गायघाटा में क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिस हथियार छीनकर भाग रहे दुष्कर्म और हत्या के आरोपी प्रहलाद दास को एनकाउंटर में मार गिराया गया. पिछले चार महीनों में राज्य में यह इस तरह की दूसरी घटना है.
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना स्थित बनगांव क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक बड़ा पुलिस एनकाउंटर देखने को मिला. 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या के मुख्य आरोपी 23 वर्षीय प्रहलाद दास को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया. बीते चार महीनों के भीतर राज्य में पुलिस मुठभेड़ की यह दूसरी बड़ी घटना है.
घटना तड़के लगभग 3 से 3:30 बजे के बीच गायघाटा इलाके में हुई, जब पुलिस टीम मामले की जांच के तहत आरोपी प्रहलाद दास को क्राइम सीन का रीक्रिएशन कराने ले गई थी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस प्रक्रिया के दौरान आरोपी ने अचानक एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर गोली चलाते हुए पास के तालाब में कूदकर भागने का प्रयास किया.
जवाबी कार्रवाई और आत्मरक्षा में पुलिस अधिकारियों ने भी गोलियां चलाईं. इस घटना में गंभीर रूप से घायल दास को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
यह मामला रविवार को तब सामने आया था जब शनिवार से लापता 17 वर्षीय छात्रा का शव उसके पड़ोसी के घर के पीछे मिला था. पुलिस ने उसी दिन त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रहलाद दास को गिरफ्तार कर लिया था और अदालत से उसकी 10 दिनों की पुलिस हिरासत हासिल की थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था. इस जघन्य अपराध के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश फैल गया था और वे सड़कों पर उतर आए थे, जिसके बाद इलाके में तनाव को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया.
इस घटना के बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं. सोमवार रात तृणमूल कांग्रेस ने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन पर सवाल दागे थे. वहीं, राज्य सरकार की ओर से मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने स्पष्ट किया कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर है और इस अपराध में शामिल किसी भी दोषी या उसके मददगार को बख्शा नहीं जाएगा.
गौरतलब है कि इससे पहले 8 जुलाई 2026 को दक्षिण 24 परगना के बारूईपुर में भी ठीक इसी प्रकार का एनकाउंटर हुआ था. उस समय 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी प्रभास मोंडल को भी पुलिस क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए ले गई थी, जहाँ मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई थी.