माइक्रोसॉफ्ट: AI पर दांव के बीच 60,000 कर्मचारियों को दिया स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का ऑफर
एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर अरबों डॉलर खर्च कर रही टेक दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट अपने वर्कफोर्स को रीस्ट्रक्चर कर रही है. कंपनी ने अमेरिका, कनाडा, भारत और ब्रिटेन में करीब 60,000 कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति की घोषणा की है.
नई दिल्ली । डेस्क: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में भारी निवेश और लागत नियंत्रण के बीच टेक दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट ने अपने वर्कफोर्स को पुनर्गठित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने लगभग 60,000 कर्मचारियों को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का विकल्प पेश किया है, जो उसके कुल वैश्विक कर्मचारियों का लगभग एक-चौथाई हिस्सा है.
माइक्रोसॉफ्ट के प्रवक्ता के अनुसार, यह योजना अमेरिका, कनाडा, भारत और ब्रिटेन में वाइस प्रेसिडेंट स्तर और उससे नीचे के चुनिंदा टीमों के कर्मचारियों के लिए लागू होगी.
हालांकि, डेटा सेंटर, सेल्स और मार्केटिंग में काम करने वाले कुछ समूह इस ऑफर से बाहर रखे गए हैं. कंपनी की मुख्य जन अधिकारी एमी कोलमैन ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि यह पहल कंपनी के बदलते दृष्टिकोण का हिस्सा है, जिससे कर्मचारियों को अपनी अगली पेशेवर यात्रा तय करने में लचीलापन मिल सके.
यह कदम ऐसे समय आया है जब माइक्रोसॉफ्ट, अमेज़न, अल्फाबेट और मेटा जैसी बड़ी टेक कंपनियां चालू वर्ष में एआई डेटा सेंटरों, चिप्स और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर सामूहिक रूप से लगभग 700 अरब डॉलर खर्च करने की राह पर हैं.
हालांकि, इस भारी खर्च और एआई के तेजी से बढ़ते असर के बीच टेक सेक्टर में नौकरियों पर असर को लेकर चिंताएं गहरी हो गई हैं. हाल के महीनों में नेटफ्लिक्स, ईबे, मेटा, उबर और अमेज़न जैसी प्रमुख कंपनियों में भी बड़े पैमाने पर छंटनियां देखने को मिली हैं.