शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

पश्चिम बंगाल चुनाव: TMC का सरकार बनाने का दावा, कहा- 'BJP का होगा सूपड़ा साफ'

C

CG Khabar

23 अप्रै. 2026, 06:48 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

कुणाल घोष
कुणाल घोष

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल में पहले चरण के भारी मतदान और वोटिंग ट्रेंड्स को लेकर जारी अटकलों के बीच सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने एक बड़ा और चौंकाने वाला दावा किया है. पार्टी का कहना है कि वे पहले चरण के 152 सीटों के मतदान के बाद ही सरकार बनाने के जादुई आंकड़े के बेहद करीब पहुंच चुके हैं. टीएमसी के वरिष्ठ नेताओं ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि दूसरे चरण में दक्षिण बंगाल, जो पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है, वहां मतदान होने के बाद भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह धराशायी हो जाएगी.


गुरुवार को 152 सीटों पर हुए मतदान के बाद शाम को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष और राज्य के मंत्री ब्रात्य बसु ने जीत का गणित साझा किया. कुणाल घोष ने दावा किया कि पार्टी 152 सीटों में से कम से कम 125 सीटें जीतने जा रही है, और यह संख्या 135 तक भी पहुंच सकती है. 


इतना ही नहीं, टीएमसी ने नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी की हार की भविष्यवाणी करते हुए कहा कि वे न केवल नंदीग्राम बल्कि भवानीपुर में भी परास्त होंगे और जल्द ही 'पूर्व विधायक' बन जाएंगे. दिलचस्प बात यह है कि जहां कुणाल घोष ने 125 सीटों का दावा किया, वहीं शुभेंदु अधिकारी ने भी बीजेपी के लिए 125 सीटों का ही आंकड़ा पेश किया है.


मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी चुनाव प्रचार के दौरान जनता की नब्ज पहचानने का दावा करते हुए कहा कि टीएमसी पहले ही 'ड्राइवर की सीट' पर बैठ चुकी है, यानी सत्ता की बागडोर उनके हाथ में आती दिख रही है. उन्होंने मतदाताओं की भारी उपस्थिति का श्रेय इस बात को दिया कि लोग अपनी नागरिकता और अधिकारों को लेकर सतर्क हैं. 


कुणाल घोष ने तर्क दिया कि मतदाता सूची से वैध नागरिकों के नाम हटाए जाने की साजिश के खिलाफ लोगों ने डटकर वोट किया है, विशेषकर महिलाओं का समर्थन ममता बनर्जी के पक्ष में एकजुट हुआ है. उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि वे केवल अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए हवा-हवाई आंकड़े पेश कर रहे हैं. 


वहीं, मंत्री ब्रात्य बसु ने बिहार चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि भारी मतदान का अर्थ हमेशा सत्ता विरोधी लहर नहीं होता, बल्कि यह मौजूदा सरकार की वापसी का संकेत भी हो सकता है. तृणमूल को पूरा भरोसा है कि 4 तारीख को जब नतीजे आएंगे, तो ममता बनर्जी चौथी बार सरकार बनाने का इतिहास रचेंगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP