रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

प. बंगाल: कांग्रेस कार्यकर्ता और बेटे की बेरहमी से हत्या, TMC नेता गिरफ्तार

C

CG Khabar

16 अग. 2026, 04:44 PM 3 मिनट में पढ़ें 2

मृतक-कोलकाता
मृतक-कोलकाता

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में शनिवार रात हुई कांग्रेस कार्यकर्ता अनीसुर रहमान और उनके बेटे अबू की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है. कृष्णनगर अदालत ने रविवार को इस हत्याकांड के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को 9 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है. पुलिस अब हत्या के पीछे की असली साजिश, हथियारों के स्रोत और पूरी योजना का पर्दाफाश करने के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है.


जेल से रची गई हत्या की साजिश!


इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने रविवार सुबह ही कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में नदिया की हरनगर पंचायत की प्रधान फतेमा बीबी भी शामिल हैं. फतेमा के पति और इलाके के प्रभावशाली टीएमसी नेता जुब्बार शेख फिलहाल जेल में बंद हैं. आरोप है कि जुब्बार शेख ने जेल के भीतर से ही इस दोहरे हत्याकांड का ताना-बाना बुना था. फतेमा के अलावा उसके दो सहयोगियों-साहब अली मंडल और मिथुन शेख को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है.

विज्ञापन


रेकी के बाद बम और गोलियों से हमला, फिर काटे गले


यह वारदात शनिवार रात नकाशीपाड़ा के बेथुआडहरी रेलगेट के पास उस समय हुई, जब अनीसुर और उनके बेटे अपनी कार से घर लौट रहे थे. पुलिस सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने अनीसुर की दिनचर्या की पहले से पूरी रेकी कर रखी थी. दुष्टों ने पहले कार को रोकने के लिए लगातार दो बम फेंके. कार के अनियंत्रित होते ही हमलावरों ने बेहद करीब से कई राउंड गोलियां चलाईं. इसके बाद मौत सुनिश्चित करने के लिए पिता-पुत्र पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया गया और उनकी नसें काट दी गईं. अत्यधिक खून बहने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तंग गलियों के रास्ते फरार हो गए.


राजनीतिक घमासान और फॉरेंसिक जांच


इस घटना के बाद राज्य में राजनीतिक पारा चढ़ गया है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि टीएमसी के लोगों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है. उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक की शुरुआती जानकारी के अनुसार, जेल में बंद जुब्बार शेख और उसकी टीएमसी पंचायत प्रधान पत्नी की इस हत्या में सीधी भूमिका है. दूसरी ओर, मृतक के परिवार और कांग्रेस नेतृत्व की मांग पर दोनों शवों को फॉरेंसिक साक्ष्यों के मूल्यांकन के लिए शक्तिनगर जिला अस्पताल से कल्याणी जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल अस्पताल भेजा गया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP