पश्चिम एशिया का नया QUAD
नई दिल्ली । डेस्क: पाकिस्तान, तुर्की और अजरबैजान की तिकड़ी के खिलाफ भारत ने पश्चिम एशिया में एक नया रणनीतिक गठबंधन तैयार किया है. भारत, ग्रीस, साइप्रस और आर्मेनिया के साथ मिलकर एक नया QUAD बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. यह गठबंधन तुर्की और अजरबैजान से तनाव झेल रहे इन देशों को एक मंच पर लाकर क्षेत्रीय संतुलन को मजबूत करेगा.
पाकिस्तान, तुर्की और अजरबैजान लंबे समय से भारत के खिलाफ साझा रणनीति बनाते रहे हैं. मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पहलगाम आतंकी हमले के बाद तुर्की और अजरबैजान ने पाकिस्तान का खुलकर समर्थन किया था.
तुर्की ने तो पाकिस्तान को सैन्य सहायता भी प्रदान की. इसके जवाब में भारत ने ग्रीस, साइप्रस और आर्मेनिया के साथ मिलकर एक नया क्वाड गठित करने की रणनीति बनाई है.
भारत-आर्मेनिया: बढ़ती दोस्ती
भारत और आर्मेनिया के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है. हाल ही में इजरायल-ईरान संघर्ष के दौरान भारत ने आर्मेनिया की मदद से 110 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला था. यह दोनों देशों के बीच बढ़ते भरोसे का प्रतीक है. आर्मेनिया, जो अजरबैजान और तुर्की के साथ तनाव का सामना कर रहा है, भारत के साथ सैन्य और कूटनीतिक सहयोग बढ़ा रहा है.
साइप्रस के साथ रणनीतिक गठजोड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में साइप्रस का दौरा किया, जहां उन्होंने तुर्की के कब्जे वाले उत्तरी साइप्रस के पास क्षेत्र का दौरा कर कड़ा संदेश दिया. भारत ने साइप्रस की संप्रभुता का समर्थन किया और दोनों देशों ने रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की. माना जा रहा है कि साइप्रस जल्द ही भारत से ब्रह्मोस मिसाइलें सहित हथियार खरीद सकता है.
ग्रीस: भारत का पुराना दोस्त
भारत और ग्रीस के बीच दोस्ती 2023 में पीएम मोदी के एथेंस दौरे के बाद और गहरी हुई. दोनों देशों ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर हस्ताक्षर किये और सैन्य सहयोग को बढ़ावा देने का फैसला किया. ग्रीस को भारत ने यूरोप में अपना प्रवेश द्वार बताया. भारतीय नौसेना के युद्धपोत अब नियमित रूप से भूमध्य सागर में ग्रीस में रुकते हैं.
नया QUAD: क्षेत्रीय शक्ति का नया केंद्र
यह नया QUAD न केवल पाकिस्तान, तुर्की और अजरबैजान की तिकड़ी को जवाब देगा, बल्कि पश्चिम एशिया में भारत की कूटनीतिक और सैन्य उपस्थिति को भी मजबूत करेगा. विशेषज्ञों का मानना है कि यह गठबंधन क्षेत्रीय स्थिरता और संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा.