शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

वक़्फ़ विधेयक बना क़ानून, राजनीतिक दल गए कोर्ट

C

CG Khabar

06 अप्रै. 2025, 10:15 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

वक़्फ़ विधेयक
वक़्फ़ विधेयक

नई दिल्ली | डेस्कः वक़्फ़ संशोधन विधेयक पर राष्ट्रपति की मंजूरी के साथ ही अब यह कानून का रुप ले चुका है. केंद्र सरकार ने सरकारी गजेटियर में इसकी सूचना भी प्रकाशित की है. 


गौरतलब है कि वक़्फ़ संशोधन विधेयक पर इस हफ़्ते संसद के दोनों सदनों में तीखी बहस हुई. लोकसभा में यह विधेयक बुधवार आधी रात के बाद जबकि राज्यसभा में गुरुवार आधी रात पारित हुआ था.


वक़्फ़ संशोधन विधेयक के ख़िलाफ़ तीन विपक्षी पार्टी के नेता कांग्रेस के किशनगंज से सांसद मोहम्मद जावेद, आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह ख़ान और एआईएमआईएम के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है. इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल भी वक़्फ़ संशोधन क़ानून के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट जाएगी.


आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा कि वक़्फ़ संशोधन क़ानून मूल चरित्र में संविधान का हनन है, सौहार्द को ख़त्म करने की साजिश है. तो अगर संविधान ख़त्म. सौहार्द ख़त्म तो बचा क्या? शून्य. हमें यकीन है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय हमेशा की तरह जो लोगों के अंदर निराशा का भाव है, उसको एड्रेस करेगा.”


मनोज झा ने कहा- “हम वो कर रहे हैं, जो हमारा अधिकार है. मैं ये बार-बार कह रहा हूं कि संसद से पास किए गए बिल न्यायालय तो छोड़िए, सरकार को स्वयं भी वापस लेने पड़े हैं. क्या हम भूल गए किसान क़ानूनों का क्या हुआ? जन दबाव सबसे बड़ा दबाव होता है, लोक शक्ति सबसे बड़ी शक्ति होती है.”


इधर शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राउत ने कहा है कि उनकी पार्टी के लिए ये फ़ाइल बंद हो गई है. संजय राउत ने कहा, “नहीं, हमने हमारा काम कर दिया है. हमको जो कहना, जो बोलना था और जो भी निर्णय लेना था हमने लिया है. अब हमारे लिए ये फ़ाइल बंद हो गई है.”


दूसरी ओर वक़्फ़ संशोधन बिल पर बनी संयुक्त संसदीय समिति यानी जेपीसी के चेयरमैन जगदंबिका पाल ने वक़्फ़ पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के रुख़ की आलोचना की है. जगदंबिका पाल ने कहा, “अगर यह असंवैधानिक क़ानून था तो देश की संसद में राहुल गांधी को क्लॉज़ बाय क्लॉज़ कहना चाहिए था कि ये जो संशोधन हो रहा है उसका ये सेक्शन असंवैधानिक है.”


जगदंबिका पाल ने कहा, “वक़्फ़ के संशोधन में राहुल गांधी ने ना कोई सुझाव दिया, ना कोई आलोचना की और ना कोई तर्क दिया. ना कोई तर्क प्रियंका ने दिया और ना कोई तर्क राज्यसभा में सोनिया गांधी ने दिया.”

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP