शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

विनेश फोगाट की एशियाई खेलों के ट्रायल में धमाकेदार शुरुआत

C

CG Khabar

30 मई 2026, 09:30 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

विनेश फोगाट
विनेश फोगाट

नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय कुश्ती की स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने तमाम कानूनी और प्रशासनिक ड्रामे के बाद शनिवार को एशियाई खेलों के चयन ट्रायल्स में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की. नई दिल्ली में आयोजित इस चयन ट्रायल के अपने पहले मुकाबले में विनेश ने ज्योति को 7-1 के बड़े अंतर से शिकस्त दी.


मुकाबले की शुरुआत में विनेश ने काफी सतर्कता बरती और रक्षात्मक खेल दिखाया, लेकिन समय बीतने के साथ उन्होंने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली. दूसरे पीरियड की शुरुआत में जब उन पर समय का दबाव बना, तो उन्होंने आक्रामक रुख अपनाया. 


विनेश ने राइट लेग अटैक को टेकडाउन में बदलते हुए 3-0 की बढ़त बनाई. इसके बाद ज्योति के आक्रामक हमलों का बखूबी जवाब देते हुए उन्होंने काउंटर अटैक पर दो और बेहतरीन मूव्स किए और स्कोर 7-0 कर दिया. ज्योति को इस मैच में सिर्फ एक पुश-आउट पॉइंट ही मिल सका. अब अगले दौर में विनेश का मुकाबला निशू से होगा.


विनेश फोगाट का इस ट्रायल रिंग में उतरना आसान नहीं था. ठीक एक दिन पहले, 29 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें इस ट्रायल में भाग लेने की विशेष अनुमति दी थी. जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा था कि विनेश ने देश का नाम कई बार रोशन किया है, इसलिए उन्हें एक मौका जरूर मिलना चाहिए.


सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने एक नया पेच फंसाते हुए कहा कि विनेश को केवल महिलाओं के 50 किलोग्राम वर्ग में ही प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति दी जाएगी. विनेश ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया और फेडरेशन पर भेदभाव का आरोप लगाया. हालांकि, शनिवार सुबह इस विवाद में एक नाटकीय मोड़ आया जब WFI के अध्यक्ष संजय सिंह ने खुद हस्तक्षेप किया और विनेश को उनके पसंदीदा 53 किलोग्राम वर्ग में भाग लेने की अनुमति दे दी.


शेड्यूल के मुताबिक, सेमीफाइनल में विनेश का सामना प्रतिभाशाली मीनाक्षी गोयल से होना है, जबकि इस चयन ट्रायल के फाइनल में विनेश फोगाट और अंतिम पंघाल के बीच एक महामुकाबला होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP