विकासशील होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ को आखिरकार अब नया मुख्य सचिव मिल ही गया. अमिताभ जैन के बाद अब 1994 बैच के आईएएस अफसर विकासशील प्रदेश के नए मुख्य सचिव होंगे. वे छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव होंगे.
इस संबंध में छत्तीसगढ़ सरकार के समान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर दिया है. अमिताभ जैन 30 सितंबर 2025 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं. 30 सितंबर को ही शाम विकासशील औपचारिक तौर पर पदभार ग्रहण करेंगे. इसके अगले दिन मंत्रालय में अफसरों की परिचयात्मक बैठक होगी.
नए मुख्य सचिव विकासशील का जन्म 10 जून 1969 का है. वह जून 2029 में 60 साल की उम्र पूरी करेंगे. 30 सितंबर को कार्यभार ग्रहण करने की स्थिति में वे पौने चार साल मुख्य सचिव रहेंगे.
सबसे लंबे कार्यकाल के रूप में वे छत्तीसगढ़ के तीसरे मुख्य सचिव होंगे. इससे पहले चार साल 10 महीने के कार्यकाल के साथ अभिताभ जैन पहले नंबर पर हैं. उनके बाद तीन साल 112 महीने के साथ विवेक ढांड़ दूसरे पर हैं.
विकासशील लंबे समय से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे, जहां उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और जल शक्ति मंत्रालय में जल जीवन मिशन के निदेशक के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. जनवरी 2024 से वे ADB में कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यरत थे.
उत्तर प्रदेश के मूल निवासी और उत्तराखंड के गढ़वाल के रहने वाले विकासशील इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक (BE) और स्नातकोत्तर (ME) हैं. इसके अलावा, उन्होंने सिरैक्यूज़ विश्वविद्यालय, यूएसए से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री और हेल्थ सर्विस मैनेजमेंट एंड पॉलिसी में सर्टिफिकेट कोर्स भी पूरा किया.
1994 में IAS के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकासशील ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया. छत्तीसगढ़ के गठन के बाद उन्होंने बिलासपुर और रायपुर जैसे जिलों में कलेक्टर के रूप में सेवाएं दीं. इसके अलावा, स्कूल शिक्षा, खाद्य, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य जैसे विभागों में सचिव के रूप में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही. केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर स्वास्थ्य और जल आपूर्ति जैसे क्षेत्रों में योगदान दिया.
पत्नी निधि छिब्बर भी IAS अधिकारी
विकासशील की पत्नी निधि छिब्बर भी 1994 बैच की IAS अधिकारी हैं और वर्तमान में नीति आयोग में विकास निगरानी और मूल्यांकन कार्यालय (DMEO) की महानिदेशक हैं. दोनों पति-पत्नी ने छत्तीसगढ़ और केंद्र में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं.
मुख्य सचिव का पद किसी भी राज्य के प्रशासनिक ढांचे का शीर्ष होता है. विकासशील का अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर का अनुभव, विशेष रूप से स्वास्थ्य और जल संसाधन जैसे क्षेत्रों में उनकी विशेषज्ञता, छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति प्रदान कर सकती है.
वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन के सेवानिवृत्त होने के बाद उनके कार्यकाल को तीन महीने के लिए बढ़ाया गया था. इस दौरान रेणु पिल्ले, सुब्रत साहू, अमित अग्रवाल, ऋचा शर्मा और मनोज कुमार पिंगुआ जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के नाम मुख्य सचिव पद के लिए चर्चा में थे. हालांकि, विकासशील के नाम की घोषणा के साथ ही ये चर्चाएं अब थम गई हैं.