रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

वेनेजुएला: डेल्सी रोड्रिगेज बनीं देश की अंतरिम राष्ट्रपति

C

CG Khabar

04 जन. 2026, 07:49 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

 डेल्सी रोड्रिगेज
डेल्सी रोड्रिगेज

नई दिल्ली । डेस्क: वेनेजुएला में मचे भारी राजनीतिक घमासान के बीच देश के सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार देर रात एक बड़ा आदेश जारी करते हुए उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त कर दिया है. यह फैसला अमेरिका द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लेकर देश से बाहर ले जाने की खबरों के बाद आया है. 


अदालत ने स्पष्ट किया कि रोड्रिगेज प्रशासनिक निरंतरता और राष्ट्र की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति पद की सभी शक्तियों का उपयोग करेंगी. 

विज्ञापन

हालांकि, न्यायाधीशों ने अभी मादुरो को आधिकारिक तौर पर पद से स्थायी रूप से अनुपस्थित घोषित नहीं किया है, क्योंकि ऐसा करने पर 30 दिनों के भीतर नए चुनाव कराने की संवैधानिक बाध्यता होती.


अंतरिम राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभालने वाली डेल्सी रोड्रिगेज का राजनीतिक करियर काफी लंबा और प्रभावशाली रहा है. 


सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ वेनेजुएला से कानून में स्नातक रोड्रिगेज ने 2003 में अपने सरकारी सफर की शुरुआत की थी. 


वे दिवंगत राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज के कार्यकाल में मंत्री रह चुकी हैं और 2014 में वेनेजुएला की पहली महिला विदेश मंत्री बनी थीं. 


2018 में निकोलस मादुरो ने उन्हें उपराष्ट्रपति नियुक्त किया था और बाद में उन्हें अर्थव्यवस्था और वित्त मंत्रालय का प्रभार भी सौंपा गया. 


हालांकि, उनके कार्यकाल के दौरान कोलंबिया सहित कई देशों ने उन पर प्रतिबंध लगाए हैं और उनके प्रवेश पर रोक लगा रखी है. 


वर्तमान में वेनेजुएला की सत्ता की बागडोर उनके हाथों में है, जबकि देश एक अनिश्चित राजनीतिक भविष्य की ओर देख रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP