यूपी में युवक पर पत्नी और मां की हत्या कर खाने का आरोप
यूपी में नरभक्षी युवक पर पत्नी और मां की हत्या कर खाने का आरोप
लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से सामने आई एक भयावह घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. आरोप है कि पार्सा गांव में रहने वाले एक युवक ने अपनी पत्नी और मां की बेरहमी से हत्या कर उनके शवों का भक्षण किया. इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी दहशत है, वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी मानसिक स्थिति की जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक का नाम सिकंदर गुप्ता (उम्र लगभग 30 वर्ष) है, जो पेशे से मजदूर है और हाल ही में मुंबई से अपने गांव लौटा था. ग्रामीणों का आरोप है कि सिकंदर शराब के नशे में अक्सर अपनी पत्नी प्रियंका और मां रूना के साथ मारपीट करता था और उन्हें जान से मारने की धमकी देता था.
घटना के दिन आरोपी ने कथित तौर पर घर की छत पर पहले पत्नी और फिर मां पर हमला किया. सीमेंट के टुकड़े से बार-बार वार कर दोनों के सिर फोड़ दिए. शोर सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने दावा किया कि सिकंदर दोनों के शवों से मांस नोचकर खा रहा था और आसपास मौजूद लोगों की ओर मांस के टुकड़े फेंक रहा था.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं प्रतीत हो रही है, जिसकी चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है.
इधर, पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के दिनहाटा क्षेत्र से भी इसी तरह की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक बुजुर्ग की निर्मम हत्या कर शव को धोने और छिपाने का मामला सामने आया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में भक्षण की आशंका जताई गई है. मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और वह स्थानीय श्मशान के पास रहता था.
पुलिस ने दोनों ही मामलों में जांच तेज कर दी है. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने समाज में बढ़ती हिंसा और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.