अमेरिकी जांच: 'सेक्शन 301' से वैश्विक व्यापार को खतरा- चीन
बीजिंग । डेस्क: चीन ने अमेरिका द्वारा शुरू की गई नई 'सेक्शन 301' जांच को वैश्विक आर्थिक स्थिरता के लिए बड़ा खतरा बताया है. सोमवार को चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अमेरिका का यह कदम न केवल अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह ग्लोबल सप्लाई चेन की सुरक्षा को भी गंभीर रूप से खतरे में डालता है.
यह विवाद तब गहराया जब अमेरिका ने 12 मार्च को "जबरन श्रम" और उससे एक दिन पहले "अति-क्षमता" (ओवरकैपेसिटी) के आरोपों को लेकर चीन सहित 60 देशों के खिलाफ जांच की घोषणा की. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजिंग ने कहा कि अमेरिका "एक के बाद एक गलतियां" कर रहा है और संरक्षणवाद की आड़ में व्यापारिक बाधाएं खड़ी कर रहा है.
चीन ने अमेरिका के "जबरन श्रम" संबंधी दावों को पूरी तरह से मनगढ़ंत और भेदभावपूर्ण करार दिया है. मंत्रालय के प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा कि जहां चीन अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के मानकों का पालन करता है, वहीं अमेरिका ने खुद अब तक कई प्रमुख वैश्विक श्रम सम्मेलनों की पुष्टि नहीं की है. चीन का मानना है कि अमेरिका इन मुद्दों का इस्तेमाल सिर्फ व्यापारिक प्रतिबंध लगाने के लिए कर रहा है.
पेरिस में चल रही द्विपक्षीय वार्ताओं के बीच चीन ने अमेरिका को अपनी नीतियां सुधारने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की सलाह दी है. साथ ही, चीन ने चेतावनी दी है कि वह अपनी अर्थव्यवस्था और हितों की रक्षा के लिए सभी जरूरी जवाबी कदम उठाने के लिए तैयार है.