अमेरिका: बिजनेस जेट दुर्घटनाग्रस्त, विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत
साउथ फ्लोरिडा के एक रिहाइशी इलाके में रविवार को लियरजेट 60 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 9 लोगों की मौत हो गई. टेक्सास से बहामास जा रहा यह विमान व्यस्त सड़क के पास क्रैश होकर आग की लपटों में घिर गया. एनटीएसबी की जांच में मदद के लिए एफएए की टीम मौके पर भेजी गई है.
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिका के साउथ फ्लोरिडा स्थित एक रिहाइशी इलाके में रविवार को एक बिजनेस जेट के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई. अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने इस हादसे की जानकारी दी.
समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, लियरजेट 60 (Learjet 60) विमान ने ऑस्टिन, टेक्सास से उड़ान भरी थी और यह बहामास जा रहा था. इसी दौरान विमान अचानक रिहाइशी इलाके में गिर गया और उसमें भीषण आग लग गई.
हादसे के बाद एक व्यस्त सड़क के पास पक्के रास्ते पर गहरा और जलता हुआ गड्ढा बन गया. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले आसपास के घरों से टकराने से बाल-बाल बच गया.
सीन डफी ने बताया कि संघीय विमानन प्रशासन (FAA) दुर्घटना के कारणों की जांच में राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की मदद के लिए एक टीम भेज रहा है. हादसे किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें मारे गए लोगों की पहचान क्या है, फिलहाल यह तुरंत साफ नहीं हो सका है.