शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

भीषण गर्मी और ग्रिड फेल होने से अमेरिका बेहाल

C

CG Khabar

04 जुल. 2026, 05:39 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

गर्मी-लू
गर्मी-लू

वॉशिंगटन । डेस्क: यूरोप के बाद अब अमेरिका भीषण और जानलेवा तापप्रवाह की चपेट में है. मध्य और पूर्वी अमेरिका में अत्यधिक गर्मी के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि शनिवार (4 जुलाई) को देश की स्वतंत्रता के 250 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कई ऐतिहासिक और भव्य कार्यक्रमों को रद्द या स्थगित करना पड़ा है.


इस ऐतिहासिक अवसर पर राजधानी वॉशिंगटन डीसी सहित देश के तमाम प्रमुख शहरों में परेड, कंसर्ट और आतिशबाजी जैसे बड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई थी. 


नेशनल मॉल में आयोजित होने वाले 'ग्रेट अमेरिकन स्टेट फेयर' को भी रद्द करना पड़ा, जिसका उद्घाटन खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने किया था और शनिवार को भी उनके वहां मौजूद रहने की संभावना थी. भीषण गर्मी के चलते शुक्रवार शाम को ही इस मेले को बंद कर दिया गया, जब वॉशिंगटन का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.


मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस सप्ताह की शुरुआत में बने 'हीट डोम' नामक एक उच्च दबाव वाले क्षेत्र के कारण मध्य-पश्चिम क्षेत्र से पूर्वी हिस्से तक भीषण लू फैल गई है. 


इस जानलेवा गर्मी के कारण लोगों ने एयर कंडीशनर का अत्यधिक इस्तेमाल शुरू कर दिया, जिससे बिजली ग्रिडों पर भारी दबाव पैदा हो गया और कई इलाकों में ग्रिड पूरी तरह ठप हो गए. ग्रिड फेल होने की वजह से राजधानी वॉशिंगटन डीसी और न्यूयॉर्क जैसे प्रमुख प्रशासनिक केंद्रों सहित कई राज्य अंधेरे में डूब गए हैं.


देश की सबसे बड़ी बिजली ग्रिड ऑपरेटर 'पीजेएम' (PJM), जो करीब 6 करोड़ 70 लाख लोगों को सेवाएं देती है, ने आपातकालीन बिजली-बचत कार्यक्रम लागू कर उपभोक्ताओं से बिजली की खपत कम करने की अपील की है. 


न्यूयॉर्क प्रशासन के मुताबिक, शुक्रवार शाम तक करीब 17,000 घरों की बत्ती गुल थी. हालांकि, इस जानलेवा गर्मी और अलर्ट के बावजूद न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन के बाहर एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जहां पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट और फुटबॉल स्टार ट्रैविस केल्स की शादी के जश्न की एक झलक पाने के लिए हजारों प्रशंसक तपती धूप और फुटपाथों पर डटे रहे. 


फिलहाल, प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास कर रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP