शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में सी-सेक्शन के बाद महिला की मौत पर हंगामा

C

CG Khabar

15 अग. 2026, 09:27 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव के सी-सेक्शन ऑपरेशन के बाद एक प्रसूता ने दम तोड़ दिया. गांधीनगर निवासी संदीप कुमार सिंह ने अपनी गर्भवती पत्नी परी सिंह को 13 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया था. डॉक्टरों की सलाह पर परिजनों की सहमति से उसी शाम महिला का ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद डॉक्टरों ने जच्चा और बच्चा दोनों को सुरक्षित बताया था. 


हालांकि, नवजात शिशु पूरी तरह स्वस्थ है, लेकिन मां की जान नहीं बचाई जा सकी.


घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है. 


मृतका की बहन पिंगला सिंह के अनुसार, ऑपरेशन की रात से ही मरीज को तेज दर्द और गला सूखने की शिकायत होने लगी थी. परिजनों का दावा है कि स्थिति बिगड़ने के बाद भी बार-बार मिन्नतें करने पर भी कोई जिम्मेदार डॉक्टर मरीज को देखने नहीं पहुंचा और न ही जरूरी ईसीजी जांच कराई गई. 


अंततः 14 अगस्त की सुबह हालत अधिक गंभीर होने पर महिला को स्पेशल केयर यूनिट में स्थानांतरित किया गया, जहां शाम को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.


दूसरी ओर, अस्पताल प्रशासन ने शुरुआती सफाई में महिला को पहले से हृदय संबंधी बीमारी होने की बात कही है. इस दावे को खारिज करते हुए पति संदीप सिंह ने कहा कि प्रसव पूर्व कराई गई पत्नी की सभी स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट बिल्कुल सामान्य थीं. 


इस पूरे घटनाक्रम और परिजनों के आरोपों पर आधिकारिक रुख जानने के लिए जब अस्पताल के प्रभारी सीएस डॉ. जेके रेलवानी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे बात नहीं हो सकी. स्थानीय स्तर पर इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग जोर पकड़ रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP