सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

यूपी: निर्दलीय MLA के फार्महाउस में युवती से दरिंदगी, 2 पुलिसकर्मी और 2 CRPF जवान गिरफ्तार

C

CG Khabar

24 सित. 2026, 07:48 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

गैंगरेप
गैंगरेप

लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. वारदात को अंजाम देने का आरोप उत्तर प्रदेश पुलिस के दो कर्मियों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवानों पर लगा है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि जिस फार्महाउस में यह वारदात हुई, वह उत्तराखंड के एक निर्दलीय विधायक का है.


हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली 24 वर्षीय पीड़िता उत्तर प्रदेश के अमरोहा स्थित धार्मिक स्थलों के दर्शन करने आई थी. इस दौरान एक परिचित के जरिए उसका संपर्क मुजफ्फरनगर निवासी सीआरपीएफ जवान मोहित से हुआ. दर्ज शिकायत के अनुसार, सोमवार को युवती सोनीपत में मोहित से मिली, जिसके बाद वे मेरठ पहुंचे. वहां सीआरपीएफ का एक अन्य जवान लाला राम यादव भी उनके साथ शामिल हो गया.

विज्ञापन


मंगलवार को दोनों जवान युवती को गाड़ी से हसनपुर ले जा रहे थे. रास्ते में हसनपुर थाने का पुलिसकर्मी संजय तोमर भी गाड़ी में सवार हो गया. इसके बाद तीनों युवती को अतरसी-हसनपुर मार्ग पर स्थित एक फार्महाउस ले गए. वहां पहले से ही हसनपुर थाने का एक अन्य पुलिसकर्मी प्रमोद मौजूद था. 


पीड़िता का आरोप है कि मंगलवार रात दोनों जवानों और एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया. जब चौथे पुलिसकर्मी ने भी दुष्कर्म का प्रयास किया, तो युवती किसी तरह अपनी जान बचाकर दूसरे कमरे में भाग गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया.


बुधवार तड़के पीड़िता ने कमरे के अंदर से ही पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी. जानकारी मिलते ही हसनपुर और राजबहादुरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस ने चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है.


अमरोहा के पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण सिंह यादव ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मियों में से एक को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है. इसके साथ ही दोनों सीआरपीएफ जवानों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सिफारिश भेजी गई है. AI Generated Symbolic Photo.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP