यूपी पंचायत चुनाव: मतदाताओं की संख्या में 40 लाख बढ़ोतरी
लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों से पहले राज्य निर्वाचन आयोग ने अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है, जिसमें एक चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है. विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) अभियान के दौरान जहां करीब 2 करोड़ 4.5 लाख नाम हटाए गए थे, वहीं महज दो महीने के भीतर राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या में 40 लाख का इजाफा हो गया है.
आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अब उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 12 करोड़ 58 लाख 51 हजार 570 हो गई है, जो संशोधन से पहले 12 करोड़ 29 लाख 50 हजार के करीब थी.
इस व्यापक संशोधन प्रक्रिया (SIR) के दौरान 2 करोड़ 32 लाख से अधिक नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं की है. वहीं, मृत्यु और स्थानांतरण जैसे कारणों से 2 करोड़ 3 लाख से अधिक नामों को सूची से काटा भी गया है.
इस बार आयोग ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए प्रत्येक पंचायत वोटर को 9 अंकों का एक विशिष्ट पहचान नंबर आवंटित किया है.
अंतिम सूची जारी होने के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा चुनावी प्रक्रियाओं को तेज करने की उम्मीद है.
इस साल राज्य की 58,189 ग्राम पंचायतों, 824 क्षेत्र (ब्लॉक) पंचायतों और 75 जिला पंचायतों में चुनाव होने हैं. हालांकि, तकनीकी खामियों के कारण कई जिलों में फिलहाल डिजिटल वोटर लिस्ट डाउनलोड करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.