महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती की ऑनलाइन बुकिंग बंद
उज्जैन । डेस्क: उज्जैन में नए साल के उपलक्ष्य में विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा महाकालेश्वर के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. मंदिर प्रशासक और अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने बुधवार को मंदिर परिसर, रुद्र सागर और बाहरी क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण कर सुरक्षा एवं सुगम दर्शन व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
भारी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट की संभावना के चलते प्रशासन ने 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक भस्म आरती की ऑनलाइन बुकिंग ब्लॉक कर दी है. इस अवधि के दौरान भस्म आरती की अनुमति केवल ऑफलाइन माध्यम से ही दी जाएगी, जबकि फरवरी से अप्रैल तक के लिए ऑनलाइन पंजीकरण सामान्य रूप से खुले रहेंगे.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के प्रवेश और निकास द्वारों में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. अब अवंतिका द्वार (गेट नंबर 1) को शहनाई द्वार के पास पालकी निकास बिंदु के सामने स्थानांतरित कर दिया गया है, जहाँ से श्रद्धालु सुविधा केंद्र के माध्यम से दर्शन के लिए प्रवेश करेंगे.
इसके साथ ही, बड़ा गणेश के सामने स्थित एम्बुलेंस निकास द्वार पर एक नया 'शीघ्र दर्शन' प्रवेश द्वार शुरू किया गया है, जहाँ ₹250 का टिकट लेकर दर्शनार्थी प्रवेश कर सकेंगे.
नए द्वारों पर लॉकर, जूता स्टैंड और वेटिंग एरिया जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं और दर्शन मार्ग को पहले की तुलना में छोटा और सरल बनाया गया है.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि चल रहे निर्माण कार्यों के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में कोई कमी न आए, ताकि सभी को सुलभ दर्शन प्राप्त हो सकें.