रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा में डायरिया से दो की मौत, कई लोग पीड़ित

H

Hupendra Sharma

19 अग. 2025, 11:55 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

डायरिया
डायरिया

कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में डायरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. जिले के पोड़ी उपरोड़ा के पाली गांव में डायरिया से दो लोगों की मौत हो गई है. जबकि गांव के कई लोग पीड़ित हैं. जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है.


यही हाल पाली ब्लॉक का भी है. यहां के नेवसा गांव में दर्जन भर से अधिक लोग डायरिया से पीड़ित हैं. 

विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक पाली के दर्री पारा में डायरिया फैला हुआ है. 260 लोगों की आबादी वाले इस मोहल्ले की स्थिति गंभीर है.


मोहल्ले के संपत्त सिंह (60) डायरिया से पीड़ित थे. परिजनों का आरोप है कि समय पर उन्हें इलाज नहीं मिला, जिसके चलते उन्होंने 24 घंटे के भीतर ही दम तोड़ दिया.


जबकि मोहल्ले के ही बाबू लाल गोड़ की रविवार को जान चली गई. 


इस मोहल्ले में रहने वाले गनपत, सुकरिया बाई, राम लाल देवशनिया, मान सिंह, नीरा बाई सोहन, पार्वती, सावित्री, राजू, हिरमतिया ज्ञान सिंह, काजल रूप सिंह और तिलेश्वर बीमार हैं. सभी का पोड़ी उपरोड़ा में इलाज चल रहा है.


दर्री पारा प्राथमिक विद्यालय के प्राधानपाठक जय कुंवर ने बताया कि यहां कुल 32 बच्चे अध्ययनरत हैं. उसमें से इन दिनों मात्र 5 बच्चे ही स्कूल आ रहे हैं. 


पाली उप स्वास्थ्य केन्द्र के आरएचओ आनंद कुमार सोरठे ने बताया कि रोज डायरिया पीड़ित मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं. पाली गांव के करीब दर्जन भर मरीजों को पोड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया है. मृतक संपत सिंह के परिजनों ने शासन से आर्थिक सहायता की मांग की है. 


यही हाल पाली ब्लॉक के नेवसा गांव का है. यहां भी दर्जन भर से अधिक ग्रामीण डायरिया से पीड़ित हैं. सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत है.


स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कुएं का दूषित पानी पीने से ग्रामीण बीमार हुए हैं. इसकी जानकारी मिलते ही उतरदा पीएचसी की टीम ने गांव में कैंप लगाकर पीड़ित लोगों का उपचार शुरू कर दिया है. ग्रामीणों को कुएं का दूषित पानी पीने से मना किया गया है.


मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केसरी ने बताया कि विभाग ने गांव में तत्काल ही राहत और उपचार की व्यवस्था की है. ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP