शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

भिलाई में दो सगे भाइयों का अपहरण

H

Hupendra Sharma

12 सित. 2025, 09:02 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

अपहरण
अपहरण

 भिलाई | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के भिलाई कैंप क्षेत्र में दो सगे भाइयों का अपहरण का मामला सामने आया है. दोनों भाई भिलाई में शुभम एग रोल सेंटर के नाम से दुकान चलाते हैं.


कल शाम को दोनों भाई अपनी दुकान के पास थे, इसी दौरान चार लोग एक कार में आए और दोनों भाइयों को उठाकर ले गए.


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस युवकों की तलाश में जुट गई है. फिलहाल अपहरण का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. 


पूरी घटना छावनी थाना क्षेत्र की है. दोनों युवकों का नाम विष्णु साव और शुभम साव है. दोनों भिलाई के सुभाष चौक में दुकान चलाते थे.


स्थानीय लोगों का कहना है कि यूपी पासिंग कार से चार लोग पहुंचे और दोनों भाइयों को जबरदस्ती कार में बैठाकर ले गए.


आसपास के लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही गाड़ी तेज रफ्तार से निकल गई. आसपास के लोगों ने बताया कि गाड़ी में कौन लोग थे वे किसी को नहीं पहचानते.


युवकों के पिता ने बताया कि उनके बेटों की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और ना ही किसी से विवाद या झगड़े का मामला है. वे कौन लोग थे और क्यों उठाकर ले गए यह अब तक समझ से परे है. 


घटना के बाद से ही छावनी पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.


पुलिस का कहना है कि अब तक फिरौती के लिए किसी का फोन नहीं आया है और न ही उनकी किसी से कोई दुश्मनी है.


फिलहाल पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है. चर्चा है कि दोनों भाई ऑनलाइन सट्टा से जुड़े थे. हो सकता है पैसों के लेन-देन को लेकर उन्हें अगवा किया गया हो.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP