नाले में डूबने से जुड़वा भाइयों की मौत
दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जमकर तबाही मचाई है. वहीं दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र के धनिकरका नाले में नहाते समय 6 साल के दो जुड़वा भाइयों की डूबकर मौत हो गई.
साल भर पहले ही उनके पिता की भी डूबने से मौत हो गई थी. जिले में अब तक बाढ़-बारिश से पांच लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं 200 से ज्यादा मकान ढह गए और 100 से अधिक गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट चुका है. बेघर हुए करीब 2196 लोगों को राहत शिविर में ठहराया गया है.
पुलिस के मुताबिक कुआकोंडा थाना क्षेत्र के धनिकरका गांव निवासी 6 साल के जुड़वा भाई सुरेंद्र भास्कर और नरेंद्र भास्कर बुधवार शाम को नहाने के लिए नाले में उतरे थे.
नहाते समय वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए. शाम को जब बच्चे दिखाई नहीं दिए तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की. आस-पास तलाश करने के बाद भी बच्चों का कही कुछ पता नहीं चला.
गुरुवार की सुबह गांव के लोग जब नाला के पास पहुंचे तो बच्चों का शव देखा गया. अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है.
एमबीबीएस छात्र की संदिग्ध मौत
इधर जगदलपुर के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है.
कानपुर निवासी छात्र ज्ञानेंद्र मिश्रा हॉस्टल के कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला.
उसके साथ कमरे में रहने वाले साथी ने देखा तो तुरंत अन्य साथियों को बुलाया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज कैंपस में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
फिलहाल मौत के पीछे पढ़ाई का दबाव था या निजी कारण इसकी जानकारी नहीं हो पाई है. परपा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.