टीएस सिंहदेव पीसीसी चीफ बनने को तैयार
टीएस सिंहदेव ने पीसीसी चीफ बनने को तैयार
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने संगठन की कमान संभालने को लेकर कहा है कि वे जिम्मेवारी संभालने के लिए तैयार हैं. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि आलाकमान वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की जगह किसी नए चेहरे को मौका देता है, तो वे पीसीसी चीफ की जिम्मेदारी उठाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
सिंहदेव ने यह भी संकेत दिया कि अध्यक्ष पद की संभावित सूची में उनका नाम भी शामिल रहेगा.
मीडिया से चर्चा के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने कहा कि राजनीति में बदलाव एक स्वाभाविक प्रक्रिया है और यदि पार्टी उन्हें नेतृत्व सौंपती है, तो वे कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बिठाकर संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे.
उन्होंने संगठन में गुटबाजी और भेदभाव को खत्म करने पर जोर देते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता सभी को साथ लेकर चलने की होगी. सिंहदेव के मुताबिक, जमीनी स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने के लिए संवाद बेहद जरूरी है और वे इसके लिए पूरी सक्रियता और निष्ठा से काम करेंगे. उन्होंने कहा कि वे लगातार अलग-अलग इलाकों का दौरा कर रहे हैं और संगठन के साथियों के संपर्क में हैं.
गौरतलब है कि टीएस सिंहदेव का राजनीतिक कद और उनका पारिवारिक इतिहास काफी प्रभावशाली रहा है. सरगुजा राजघराने के 118वें महाराजा होने के साथ-साथ उनका गांधी परिवार से भी पीढ़ियों पुराना नाता है.
सिंहदेव का यह बयान ऐसे समय में आया है जब राज्य में कांग्रेस नेतृत्व में फेरबदल की अटकलें तेज हैं.