ट्रंप ने भारत पर और शुल्क बढ़ाने की धमकी दी
वॉशिंगटन । डेस्क: रूस से तेल खरीदने को लेकर एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर नाराज़गी जताई है. ट्रंप ने साफ तौर पर कहा है कि यदि भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद नहीं किया, तो अमेरिका भारत पर और अधिक शुल्क लगा सकता है. पहले ही अमेरिका भारत से जाने वाले कपड़ा, दवाइयों समेत कई अहम निर्यात उत्पादों पर शुल्क बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर चुका है.
डोनाल्ड ट्रंप का यह दोहरा रुख नया नहीं है. एक ओर वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हैं, तो दूसरी ओर भारत पर आर्थिक दबाव बनाने के लिए शुल्क बढ़ाने की धमकी भी देते हैं. व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक ऑडियो में यह बात सामने आई है. यह ऑडियो एयरफोर्स वन में यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत का बताया जा रहा है.
इस बातचीत में रूस से भारत द्वारा तेल खरीदने का मुद्दा उठाया गया. इस पर ट्रंप को कहते सुना गया, “मैं खुश नहीं हूं और प्रधानमंत्री मोदी यह जानते थे. मोदी एक अच्छे इंसान हैं, शानदार व्यक्ति हैं. वे जानते थे कि मुझे खुश रखना जरूरी है. लेकिन भारत रूस के साथ व्यापार कर रहा है. हम बहुत जल्द उन पर और शुल्क लगा सकते हैं.”
गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर के मध्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई थी. उस समय जारी आधिकारिक बयान में कहा गया था कि दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका सहयोग की प्रगति की समीक्षा की है. व्यापार, तकनीक, ऊर्जा, रक्षा और सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई थी.
इस बातचीत के बाद यह माना जा रहा था कि भारत-अमेरिका संबंधों में आई ठंडक कुछ हद तक दूर होगी. लेकिन अब व्हाइट हाउस से सामने आए इस ऑडियो ने साफ कर दिया है कि ट्रंप अपनी पुरानी रणनीति पर कायम हैं. भारत के साथ मैत्रीपूर्ण भाषा के बावजूद, आर्थिक और व्यापारिक दबाव बनाना उनकी प्राथमिक नीति बनी हुई है.
जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में तनाव और बढ़ सकता है, खासकर तब जब रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते वैश्विक ऊर्जा राजनीति और ज्यादा संवेदनशील हो गई है.