शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

ट्रंप ने कहा- 'मेरे कार्यकाल में हर कोई मुनाफा कमा रहा है'

C

CG Khabar

02 जुल. 2026, 07:22 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

ट्रंप
ट्रंप

नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने परिवार की क्रिप्टोकरेंसी गतिविधियों से पिछले साल लगभग 1.2 अरब डॉलर (करीब 120 करोड़ डॉलर) की भारी-भरकम कमाई का पुरजोर बचाव किया है. आलोचकों के आरोपों का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा कि उनके सत्ता में रहने के दौरान "हर कोई मुनाफा कमा रहा है."


कतर द्वारा उपहार में दिए गए नए 'एयर फोर्स वन' विमान से अपनी पहली उड़ान भरने की तैयारियों के बीच ट्रंप ने संवाददाताओं से बातचीत की. जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपने पद का इस्तेमाल खुद को अमीर बनाने के लिए कर रहे हैं, तो अरबपति राष्ट्रपति ने इन आरोपों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि शेयर बाजार में तेजी की वजह से न सिर्फ वो, बल्कि देश का हर नागरिक कमा रहा है.


ट्रंप ने स्पष्ट किया कि उनके वित्तीय हितों को 'ब्लाइंड ट्रस्ट' में रखा गया है ताकि किसी भी तरह के हितों के टकराव से बचा जा सके. 


उन्होंने कहा, "मैं अपने व्यक्तिगत वित्त में शामिल नहीं होता. हमारे पास फंड हैं जो मेरे पैसे को संभालते हैं और निवेश करते हैं. राजनीति में आने से पहले ही मैंने बहुत पैसा कमाया था." हालांकि, रिकॉर्ड बताते हैं कि यह कमाई उन क्रिप्टो वेंचर्स से जुड़ी है जो उनके दोबारा व्हाइट हाउस लौटने के पहले साल में ही शुरू किए गए थे.


अमेरिकी सरकारी नैतिकता कार्यालय (OGE) द्वारा जारी वित्तीय खुलासों के अनुसार, ट्रंप को साल 2025 में स्टार्टअप 'वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल' (WLF) से लगभग 550 मिलियन डॉलर मिले. इस कंपनी को सितंबर 2024 में ट्रंप के बेटों और उनके मध्य पूर्व के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के बेटे ने मिलकर शुरू किया था. 


इसके अलावा, 927 पन्नों के इस आधिकारिक दस्तावेज में '$TRUMP' क्रिप्टोकरेंसी के लाइसेंसिंग समझौते से रॉयल्टी के रूप में मिले 635 मिलियन डॉलर का भी जिक्र है. यह टोकन राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण से ठीक कुछ घंटे पहले जनवरी 2025 में लॉन्च किया गया था.


'फोर्ब्स' के मुताबिक, इन क्रिप्टो गतिविधियों के कारण ही ट्रंप की व्यक्तिगत संपत्ति 2024 और 2026 के बीच 2.3 अरब डॉलर से करीब तीन गुना बढ़कर 6.5 अरब डॉलर पर पहुंच गई है. 


अपने इस कार्यकाल के दौरान ट्रंप ने क्रिप्टो सेक्टर को नियमों से राहत देने (डीरेगुलेशन) के कई बड़े कदम उठाए हैं, जिससे इन डिजिटल संपत्तियों की कीमतों में भारी उछाल आया है. इस बीच व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर कहा है कि राष्ट्रपति ने "गर्व से संयुक्त राज्य अमेरिका को दुनिया की क्रिप्टो राजधानी बना दिया है."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP