ट्रंप का दावा: चीन की मध्यस्थता से ईरान युद्धविराम के लिए हुआ तैयार
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि चीन के हस्तक्षेप के कारण ईरान, इजराइल और अमेरिका के खिलाफ चल रहे युद्ध में युद्धविराम के लिए सहमत हो गया है. ट्रंप ने एएफपी से बातचीत में विश्वास जताया कि चीन ने ही ईरान को बातचीत की मेज पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने पाकिस्तान की मध्यस्थता वाले इस युद्धविराम को चीन के आखिरी समय में किए गए हस्तक्षेप के बाद स्वीकार किया.
बताया जा रहा है कि चीन ने आर्थिक गिरावट की चिंताओं को देखते हुए ईरान से 'लचीलापन दिखाने और तनाव कम करने' का आग्रह किया था.
चीनी विदेश मंत्रालय ने भी इस युद्धविराम का स्वागत किया है. मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि चीन हमेशा से तत्काल युद्धविराम और विवादों को कूटनीतिक रास्तों से सुलझाने का पक्षधर रहा है.
इस बीच, राष्ट्रपति ट्रंप मई के मध्य में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने बीजिंग जाने वाले हैं. यह शिखर सम्मेलन दोनों महाशक्तियों के बीच संबंधों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है.
गौरतलब है कि ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की समयसीमा खत्म होने से महज 90 मिनट पहले इस युद्धविराम की घोषणा की गई. इससे पहले ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि यदि ईरान ने यह महत्वपूर्ण जलमार्ग नहीं खोला, तो उसके बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया जाएगा.