रायपुर के तीन दोस्तों की धमतरी में हत्या
धमतरी | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मामूली विवाद पर रायपुर के तीन युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है. तीनों युवक आपस में दोस्त थे और धमतरी घूमने गए थे.
सोमवार देर रात को तीनों युवक ग्राम भोयना के पास स्थित अन्नपूर्णा ढाबे में खाना खाने रुके थे. उसी दौरान आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया.
पुलिस ने इस मामले में आज सुबह तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है. रायपुर के तीन युवक सूरज तांडी, नितिन तांडी और आलोक ठाकुर सोमवार को धमतरी से लौटते हुए सिहावा मार्ग पर स्थित अन्नपूर्णा ढाबा में खाना खाने रुके थे.
इस दौरान वहां पहले से 6-7 युवक खाना खा रहे थे. सभी लोग शराब के नशे में थे और बेवजह ढाबा में आने-जाने वाले लोगों के साथ गाली-गलौच कर रहे थे.
तभी किसी बात को लेकर इन लोगों के साथ भी उलझ गए. पहले बहस हुई फिर मारपीट तक बात आ गई. अचानक तीनों दोस्तों पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया. इस दौरान दो अन्य लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही तीनों ने दम तोड़ दिया.
मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो-तीन आरोपियों को कुछ देर बाद ही हिरासत में ले लिया था. बाकी आरोपी फरार हो गए थे.
रातभर चली छानबीन के बाद सुबह होते तक सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
बताया जा रहा है कि आज शाम तक पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है. सभी आरोपी मथुराडीह, भोयना और कोर्रा गांव के आस-पास गांवों के रहने वाले हैं.
मृतकों में आलोक पेटी ठेकेदार का काम करता था. जबकि सूरज और नितिन ड्राइवरी करते थे.