यह 'डोनाल्ड ट्रंप' चिड़ियाघर में रहता है !
ढाका । डेस्क: बांग्लादेश के राष्ट्रीय चिड़ियाघर में इन दिनों एक बेहद अनोखा मेहमान लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. सुनहरे बालों और करीब 700 किलोग्राम वजन वाले एक दुर्लभ एल्बिनो (सफेद) भैंसे को देखने के लिए देश भर से लोगों का हुजूम उमड़ रहा है. इस भैंसे की खासियत इसका अनोखा लुक है, जो अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से काफी मिलता-जुलता है. लेकिन यह व्हाईट हाऊस में नहीं बांग्लादेश के चिड़ियाघर में रहता है. इसकी सुरक्षा सीआईए नहीं चिड़ियाघर के गार्ड करते हैं. सबसे बड़ी बात है कि अब इसकी जान को कोई खतरा नहीं है.
दरअसल, कुछ समय पहले बांग्लादेश के एक किसान ने ध्यान दिया कि इस भैंसे के सिर पर मौजूद सुनहरी जुल्फें हूबहू अमेरिकी नेता डोनाल्ड ट्रंप के हेयरस्टाइल जैसी दिखती हैं. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद, ढाका के बाहरी इलाके में स्थित इस फॉर्म पर लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी.
दिलचस्प बात यह है कि इस भैंसे को मूल रूप से ईद-उल-अजहा के मौके पर कुर्बानी के लिए खरीदा गया था. लेकिन इसके वायरल होने और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए, सरकार के हस्तक्षेप के बाद इसे राजधानी ढाका के राष्ट्रीय चिड़ियाघर में स्थानांतरित कर दिया गया.
गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद के निर्देश पर पुलिस ने इसे अपनी सुरक्षा में लिया और खरीदार को उसके पैसे वापस कर दिए गए.
चिड़ियाघर में इस खास 'सेलिब्रिटी' मेहमान को बेहद शाही वीआईपी ट्रीटमेंट मिल रहा है. चिलचिलाती गर्मी से बचाने के लिए उसके बाड़े में पंखे लगाए गए हैं और चिड़ियाघर के कर्मचारी उसे नहलाने के साथ-साथ उसके बालों को ब्रश से संवारते भी नजर आ रहे हैं.
चिड़ियाघर पहुंचे मोहम्मद नसीम नाम के एक छात्र ने कहा, "इस भैंसे की आंखें, हेयरस्टाइल और रंग काफी हद तक डोनाल्ड ट्रंप से मिलते हैं. जैसे ट्रंप अपनी खास जीवनशैली के लिए जाने जाते हैं, वैसे ही यह भैंसा भी वायरल होने के बाद अब वैसी ही आलीशान जिंदगी जी रहा है और इसे विशेष ध्यान दिया जा रहा है."
हालांकि, इस नामकरण को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया है. स्थानीय मीडिया के अनुसार, शुरुआत में चिड़ियाघर में इसके बाड़े पर 'डोनाल्ड ट्रंप' नाम का बोर्ड लगाया गया था, जिसे बाद में हटा दिया गया. इस पूरे घटनाक्रम के बीच चिड़ियाघर के क्यूरेटर को भी बर्खास्त कर दिया गया है, हालांकि उनकी बर्खास्तगी का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया.