'वीरे दी वेडिंग' में 'सेक्सी' दिखने का दबाव था: स्वरा भास्कर
मुंबई । डेस्क: बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर अपनी बेबाकी के लिए जानी जाती हैं और वह बिना किसी लाग-लपेट के अपनी बातें रखती हैं. हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' में काम करने के दौरान हुई परेशानी का खुलासा किया.
स्वरा ने बताया कि इस फिल्म में उन्हें बेहद असहजता महसूस हुई क्योंकि उन पर ग्लैमरस और सेक्सी दिखने का जबरदस्त दबाव था. उन्होंने कहा कि यह उनके करियर का सबसे मुश्किल किरदार था, लेकिन अभिनय या काम की वजह से नहीं, बल्कि ग्लैमर पर आधारित होने के कारण.
अभिनेत्री ने साझा किया कि एक एक्टर के तौर पर वह बॉडी लैंग्वेज और डायलॉग्स पर काम करना पसंद करती हैं, लेकिन उनके लिए ग्लैमरस किरदार निभाना सबसे तनावपूर्ण काम होता है. 'वीरे दी वेडिंग' में उनका किरदार पूरी तरह से लुक, कपड़े और ग्लैमर पर निर्भर था, जिसके लिए उन्हें वजन कम करने और हॉट दिखने का दबाव झेलना पड़ा.
स्वरा ने 'तारीफ़ां' गाने की शूटिंग के दौरान बॉडीसूट पहनने के अनुभव को याद करते हुए बताया कि उन्होंने पहली बार यह शब्द सुना था. उन्होंने कहा, "वह मूल रूप से डीप नेक कट वाला वन-पीस स्विमिंग कॉस्ट्यूम था, जिसके साथ हील्स या बूट्स पहनने थे." स्वरा को उस आउटफिट में खुद को 'अर्धनग्न' महसूस हुआ और उन्हें खुद को ढकने के लिए तौलिया माँगना पड़ा, जो उनके लिए काफी कठिन था.
असहज होने के बावजूद, स्वरा ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की कोशिश की, जिसे दर्शकों ने सराहा. यह फिल्म 2018 में रिलीज़ हुई थी.