बॉलीवुड में मौलिक कंटेंट कम, कॉपी करने वाले ज्यादा- करीना कपूर
मुंबई । डेस्क: बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री करीना कपूर खान ने फिल्म इंडस्ट्री में सफलता के फॉर्मूले को आंख मूंदकर कॉपी करने की मानसिकता पर बेबाक टिप्पणी की है. करीना के अनुसार, जब भी कोई खास तरह की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट होती है, तो कई निर्माता बिना सोचे-समझे उसी तरह की कहानियां और फॉर्मूला दोहराना शुरू कर देते हैं.
नया और मौलिक कंटेंट तैयार करने के बजाय एक ही लीक पर चलने की यह प्रवृत्ति हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक बन चुकी है.
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में करीना ने दर्शकों और फिल्म निर्माताओं के बदलते रिश्तों पर खुलकर बात की. उन्होंने संदीप रेड्डी वांगा और रणबीर कपूर की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'एनिमल' का उदाहरण देते हुए कहा कि इस फिल्म की सफलता के बाद इंडस्ट्री में अचानक से हिंसक और उग्र कहानियों पर फिल्में बनाने की होड़ मच गई है.
करीना का मानना है कि निर्माता फिल्म की सफलता के असली कारणों को समझने के बजाय सिर्फ उसके हिंसक कंटेंट को भुनाने में लग जाते हैं. उन्होंने कहा कि आज का दर्शक काफी समझदार और जागरूक हो चुका है, वह सिर्फ पुराने रोमांटिक ड्रामे या घिसे-पिटे कॉमेडी फॉर्मूले को देखने के लिए सिनेमाघरों में नहीं आता. दर्शक अब अनुमान योग्य कहानियों से हटकर कुछ नया देखना चाहते हैं.
करीना ने उन साहसी निर्देशकों की तारीफ भी की जो लीक से हटकर सिनेमा बना रहे हैं और दर्शकों को सोचने पर मजबूर करते हैं. उन्होंने कहा कि आज का युवा वर्ग सवाल पूछता है और ट्रेलर देखकर ही फैसला कर लेता है कि उसे फिल्म देखनी है या नहीं.
हर फिल्म 200 या 500 करोड़ का कारोबार नहीं कर सकती, इसलिए अब सिर्फ एक जॉनर के भरोसे सफलता की गारंटी नहीं दी जा सकती.
गौरतलब है कि 2023 में आई 'अनिमल' ने भारी विवादों के बावजूद दुनियाभर में 900 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी. वहीं करीना कपूर जल्द ही मेघना गुलजार की इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर फिल्म 'दायरा' में नजर आने वाली हैं, जिसमें उनके साथ पृथ्वीराज सुकुमारन भी मुख्य भूमिका में हैं. यह फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.