अपहरण की घटना निकली झूठी, यूपी पुलिस ने किया गिरफ्तार
भिलाई | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के भिलाई में अंडा ठेला लगाने वाले दो सगे भाइयों के अपहरण की घटना झूठी निकली. दुर्ग पुलिस ने पहले अपहरण का मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन अब पुलिस का कहना है कि दोनों भाइयों को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
दोनों भाइयों पर यूपी में ठगी का मामला दर्ज है. दोनों पर विदेश में नौकरी लगाने के लिए फर्जी वीजा और पासपोर्ट बनाने का आरोप है.
इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर ठेला लगाकर अंडा बेचने वाले दो भाइयों विष्णु शाह और शुभम शाह की गुरुवार शाम को अपहरण की अफवाह से हड़कंप मच गया था.
परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए छावनी पुलिस में मामला दर्ज कराया था. इसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला भी दर्ज कर लिया.
बाद में यूपी पुलिस ने औपचारिक प्रतिवेदन भेजा तो पूरी हकीकत सामने आई. दोनों भाई यूपी में ठगी के मामले में आरोपी हैं.
एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि मामले में जांच शुरू की तब पता चला कि उत्तरप्रदेश अंबेडकर नगर थाना राजेसुल्तानपुर की पुलिस यहां आई थी.
यूपी की पुलिस करीब तीन दिनों तक भिलाई में थी. लेकिन उन्होंने किसी प्रकार की सूचना नहीं दी थी. जब दोनों को गिरफ्तार कर लौट गई, तब वहां से प्रतिवेदन भेजा.
हालांकि एसडीओपी ने यूपी पुलिस को नंबर भी दिया था, लेकिन नंबर लिखने के दौरान अंक गलत टाइप होने की वजह से यूपी पुलिस सही समय पर सूचना नहीं दे सकी.
एएसपी राठौर ने बताया कि दोनों भाइयों पर फर्जी नौकरी और वीजा दिलाने के नाम पर 80 लाख रुपए की ठगी का केस दर्ज है.
मामला राजेसुल्तानपुर थाने में दर्ज हुआ था, जिसमें वे लंबे समय से फरार चल रहे थे.
राजेसुल्तानपुर की पुलिस ने बताया कि अरबियन इंटर प्राइजेस नाम से एक ब्रांच खुली है, जो लोगों का टिकट और वीजा बनवाकर विदेश भेजती है. इसका मालिक अजय साहनी है.
वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लोगों को विदेश भेजने का काम करता है. एक शिकायतकर्ता को इजराइल भेजने का दावा कर उससे पैसा लिए और ब्रांच को बंद कर भाग गए. दोनों उसी से जुड़े हुए हैं.