शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

थाईलैंड में चलती ट्रेन पर गिरा क्रेन, 30 की मौत

C

CG Khabar

14 जन. 2026, 06:05 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

थाईलैंड ट्रेन हादसा
थाईलैंड ट्रेन हादसा

बैंकाक । डेस्क: थाईलैंड के पूर्वोत्तर नाखोन रैचसीमा प्रांत में बुधवार 14 जनवरी 2026 सुबह एक भीषण रेल हादसा हुआ. जब निर्माणाधीन एलिवेटेड रेलवे का एक क्रेन चलती यात्री ट्रेन पर गिर गया. हादसे में ट्रेन पटरी से उतर गई और आग लग गई. अब तक कम से कम 30 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दर्जनों यात्री घायल बताए जा रहे हैं.


प्रांतीय गवर्नर अनुफोंग सुकसोमनित के अनुसार, ट्रेन में सवार 171 यात्रियों में से चार अब भी लापता हैं. दुर्घटना के करीब आठ घंटे बाद तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा. यह ट्रेन राजधानी बैंकॉक से उबोन रैचथानी जा रही थी.


हादसा उस हाई-स्पीड रेल परियोजना के हिस्से में हुआ है, जो भविष्य में चीन को दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है. घटनास्थल से आई तस्वीरों और वीडियो में पलटी हुई बोगियां, उनमें बड़े-बड़े छेद, और ट्रैक पर बिखरे क्रेन के हिस्से दिखाई दिए.


थाईलैंड के परिवहन मंत्री फिफात रत्चाकितप्रकार्न ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. यह परियोजना थाई-चाइनीज हाई-स्पीड रेलवे का हिस्सा है, जिसकी कुल लागत 520 अरब बाट (करीब 16.8 अरब अमेरिकी डॉलर) से अधिक बताई जा रही है और यह चीन की बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव से जुड़ी है.


स्टेट रेलवे ऑफ थाईलैंड के कार्यवाहक गवर्नर अनान फोनिमदेंग ने बताया कि परियोजना का मुख्य ठेकेदार इटालियन-थाई डेवलपमेंट (इतालथाई) है, जबकि डिजाइन और निर्माण पर्यवेक्षण एक चीनी कंपनी के जिम्मे है. रेलवे विभाग ने ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है. ट्रेन को हुए नुकसान का अनुमान 100 मिलियन बाट से अधिक लगाया गया है.


इस हादसे ने इसलिए भी आक्रोश पैदा किया है क्योंकि यही कंपनी इससे पहले बैंकॉक में स्टेट ऑडिट बिल्डिंग के निर्माण में भी शामिल थी, जो मार्च 2025 में म्यांमार में आए भूकंप के दौरान ढह गई थी. उस हादसे में करीब 100 लोगों की मौत हुई थी.


बीजिंग में चीनी विदेश मंत्रालय ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मामले की जानकारी ली जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP