शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

प. बंगाल में मंदिर विवाद के बाद तनाव

C

CG Khabar

12 जून 2025, 12:52 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

प. बंगाल में तनाव
प. बंगाल में तनाव

नई दिल्ली । डेस्क: दक्षिण 24 परगना जिले के महेशतला में मंगलवार को एक मंदिर के पास दुकान स्थापित करने को लेकर हुये विवाद के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. इस घटना में कोलकाता पुलिस के डीसी (पोर्ट) हरिकृष्ण पाई सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गये, और सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचा.


पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिये लाठीचार्ज और आंसू गैस का उपयोग किया. अब तक 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.


स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब एक व्यक्ति को मंदिर के पास दुकान लगाने से रोका गया. इसके बाद मंदिर में तोड़फोड़ की खबरें आईं, जिससे स्थानीय लोग भड़क गये. प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया, एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया, और पुलिस वाहनों को निशाना बनाया.


पुलिस ने दोपहर तक अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया. शाम 6 बजे तक हालात सामान्य हो गये. कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा और एडीजी (दक्षिण बंगाल) सुप्रतिम सरकार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "स्थिति अब शांत है. छापेमारी जारी है, और घायल पुलिसकर्मियों की हालत स्थिर है."


तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि पुलिस ने संवेदनशीलता के साथ स्थिति को संभाला. उन्होंने सभी से शांति बनाये रखने की अपील की. दूसरी ओर, विपक्षी नेता सुवेन्दु अधिकारी ने केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग की.


प्रशासन ने लोगों से शांति और संयम बरतने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बना रहे. पुलिस और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की सलाह दी गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP