NEET री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम पर एक हफ्ते के लिए बैन
नई दिल्ली । डेस्क: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की सिफारिश पर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम (Telegram) को पूरे भारत में एक हफ्ते के लिए ब्लॉक कर दिया है. सरकार का यह प्रतिबंध आगामी सोमवार (22 जून 2026) तक जारी रहेगा. एनटीए के अनुसार, 21 जून 2026 को होने वाली नीट-यूजी (NEET-UG) री-एग्जामिनेशन में धांधली और धोखाधड़ी रोकने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया है.
जांच में सामने आया था कि कई संगठित गिरोह इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल उम्मीदवारों को ठगने और परीक्षा को प्रभावित करने के लिए कर रहे थे.
यह भारत में पहला मौका है जब इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने इतने बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने वाले किसी मैसेजिंग ऐप को सीमित अवधि के लिए ही सही, लेकिन पूरी तरह ब्लॉक किया है.
एनटीए का कहना है कि कई टेलीग्राम ग्रुप्स आगामी नीट परीक्षा के फर्जी पेपर बेचकर छात्रों से मोटी रकम वसूल रहे थे. इतना ही नहीं, ये ग्रुप्स अपनी साख बढ़ाने के लिए पुराने मैसेज को एडिट करके उसमें हालिया परीक्षा के प्रश्न डाल रहे थे, ताकि ऐसा लगे कि उनके पास पेपर पहले से था.
इस जालसाजी को रोकने के लिए आईटी मंत्रालय ने टेलीग्राम को 30 जून तक मैसेज एडिटिंग फीचर को भी डिसेबल करने का आदेश दिया है.
इस कार्रवाई में गृह मंत्रालय के तहत आने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने बिहार, गुजरात और राजस्थान पुलिस के इनपुट के आधार पर कई धोखाधड़ी करने वाले चैनलों और बॉट्स को हटवाया है.
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध पूरी तरह अस्थायी और 'कैलिब्रेटेड' है, जिसे सोमवार को हटा लिया जाएगा. हालांकि, एजेंसी ने यह भी माना कि इस फैसले से उन लाखों आम नागरिकों, छात्रों और पेशेवरों को असुविधा होगी जो वैध और शैक्षणिक कार्यों के लिए टेलीग्राम का उपयोग करते हैं, जिसके लिए उन्होंने खेद भी व्यक्त किया है.