तेलंगाना: 100 कुत्तों को जहर देकर मार डाला, पंचायत प्रमुख और सचिव पर FIR
हैदराबाद । डेस्क: तेलंगाना में आवारा कुत्तों की बेरहमी से हत्या का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. राज्य के मांचेरियल जिले के किश्तपुर गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर 100 से अधिक आवारा कुत्तों को जहर का इंजेक्शन देकर मार दिया गया.
इस सामूहिक हत्याकांड का आरोप गांव के सरपंच और पंचायत सचिव पर लगा है, जिन्होंने कथित तौर पर गांव में कुत्तों का आतंक कम करने के लिए यह अमानवीय कदम उठाया.
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, यह घटना 7 से 10 मार्च के बीच की है. आरोप है कि कुत्तों को मारने के लिए बाकायदा दो लोगों को किराए पर बुलाया गया था, जिन्होंने बेजुबानों को जहरीला इंजेक्शन दिया और बाद में उनके शवों को गांव के पास एक नदी के किनारे दफन कर दिया.
स्थानीय निवासियों को जब इलाके से कुत्ते गायब होने पर शक हुआ, तब उन्होंने पुलिस और पशु अधिकार संगठनों को इसकी सूचना दी. अदुलापुरम गौतम नामक व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
गौरतलब है कि तेलंगाना में पिछले कुछ महीनों में कुत्तों के साथ क्रूरता की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले जनवरी में जगतियाल जिले में 300 और हनमकोंडा जिले में 200 कुत्तों की इसी तरह हत्या की जा चुकी है.
आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के विभिन्न हिस्सों में पिछले 57 दिनों के भीतर लगभग 1100 आवारा कुत्तों को मारा गया है. इस ताजा घटना के बाद पशु प्रेमी संगठनों में भारी आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है.