शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

T20 वर्ल्ड कप: इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंचा भारत

C

CG Khabar

05 मार्च 2026, 06:58 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

क्रिकेट
क्रिकेट

मुंबई । डेस्क: डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए एक ऐतिहासिक सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है. संजू सैमसन की 89 रनों की विस्फोटक पारी के दम पर भारत ने 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में जैकब बेथल के शानदार शतक के बावजूद इंग्लैंड की टीम 246 रनों पर सिमट गई.


टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन ने तूफानी शुरुआत दी. सैमसन ने महज 42 गेंदों में 7 छक्के और 8 चौकों की मदद से 89 रन बनाए. उन्हें ईशान किशन (47), शिवम दुबे (43) और हार्दिक पांड्या (27) का भरपूर साथ मिला, जिससे भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 253 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर बनाया. 


इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स ने दो विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर काफी महंगे साबित हुए.


लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और उसने पावरप्ले के भीतर ही 64 रनों पर 3 विकेट गंवा दिए. 


हालांकि, जैकब बेथल ने एक छोर संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की और मात्र 48 गेंदों में 105 रनों की पारी खेलकर मैच को रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा किया. 


टॉम बैंटन (17) और विल जैक्स (35) की छोटी मगर तेज पारियों ने इंग्लैंड की उम्मीदें जगाए रखीं. मैच का फैसला आखिरी ओवर में हुआ जब बेथल रन आउट हो गए और इंग्लैंड की टीम 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी. 


अब रविवार को अहमदाबाद में होने वाले खिताबी मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम का सामना न्यूजीलैंड से होगा, जहां भारत की नजरें अपने तीसरे टी20 वर्ल्ड कप खिताब पर होंगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP