शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

ट्रंप का टैरिफ लगाना गलत है- स्वदेशी जागरण मंच

C

CG Khabar

30 जुल. 2025, 06:30 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

स्वदेशी जागरण मंच
स्वदेशी जागरण मंच

नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आर्थिक प्रभाग, स्वदेशी जागरण मंच ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 1 अगस्त से 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की कड़ी आलोचना की है. मंच ने इसे गैर-व्यापारिक मुद्दों के आधार पर टैरिफ थोपने की कार्रवाई करार देते हुये कहा कि यह वैश्विक व्यापार नियमों के खिलाफ है.


स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह-संयोजक अश्वनी महाजन ने कहा कि भारत केवल संयुक्त राष्ट्र द्वारा लगाए गये प्रतिबंधों को मान्यता देता है और किसी भी देश को यह तय करने का अधिकार नहीं है कि भारत को अपने व्यापारिक संबंध किसके साथ रखने चाहिये. 


उन्होंने कहा, "अमरीका यह कैसे तय कर सकता है कि भारत को तेल या हथियार किस देश से खरीदने चाहिये? यह पूरी तरह से अनुचित है."


महाजन ने जोर देकर कहा कि विश्व व्यापार संगठन ने व्यापार के लिये स्पष्ट नियम निर्धारित किये हैं, और भारत इन नियमों के अनुसार विभिन्न देशों के साथ व्यापार कर रहा है. 


उन्होंने कहा, "यदि कोई देश गैर-व्यापारिक मुद्दों, जैसे हमारे व्यापारिक साझेदारों पर सवाल उठाकर, नियमों से बाहर जाता है, तो यह स्वीकार्य नहीं है. यह खेल के नियमों के खिलाफ है."


ट्रंप ने भारत पर टैरिफ लगाने का कारण बताते हुए कहा था कि भारत के टैरिफ दरें विश्व में सबसे अधिक हैं और भारत में गैर-मौद्रिक व्यापार बाधायें अत्यधिक जटिल हैं. इसके अलावा, उन्होंने भारत द्वारा रूस से हथियार और ऊर्जा खरीदने पर भी आपत्ति जताई थी.


स्वदेशी जागरण मंच ने भारत सरकार से आग्रह किया है कि वह अमरीका के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करे, लेकिन साथ ही देश के हितों की रक्षा को प्राथमिकता दे. 


स्वदेशी जागरण मंच ने यह भी सुझाव दिया कि भारत को बहुपक्षीय व्यापार समझौतों के बजाय द्विपक्षीय समझौतों पर ध्यान देना चाहिये, जैसा कि उन्होंने पहले भी भाजपा नीत केंद्र सरकार से अनुरोध किया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP