सरगुजा: दो मोटरसाइकिलों के बीच जबरदस्त टक्कर, एक व्यक्ति की मौत
अंबिकापुर । संवाददाता: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना अंतर्गत बेलदगी गांव के पास मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के मुख्य कारणों में तेज रफ्तार और हेलमेट का इस्तेमाल न करना सामने आया है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांदो निवासी देवधन दास (40 वर्ष) अपनी पत्नी सिद्धि दास के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान बेलदगी गांव के समीप सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देवधन के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं उनकी पत्नी सिद्धि दास हादसे में बुरी तरह घायल हो गईं.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है. हादसे में दूसरी मोटरसाइकिल चला रहा बेलदगी गांव का निवासी दिलीप कुजूर भी चोटिल हुआ है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना के वक्त दोनों ही वाहन चालकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिसके कारण चोटें अधिक गंभीर साबित हुईं.