रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सरगुजा: पटना से पकड़ा गया फरार रेप आरोपी तरुण जायसवाल

C

CG Khabar

06 अग. 2026, 06:24 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

 तरुण जायसवाल
तरुण जायसवाल

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के संगीन मामले में वांछित आरोपी तरुण कुमार जायसवाल को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वारदात के बाद से ही आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, जिसे बिहार की राजधानी पटना से हिरासत में लिया गया. 


उप सरपंच का पति तरुण जायसवाल वहां अपनी एक महिला मित्र के साथ छिपा हुआ था. पुलिस ने महिला मित्र के मोबाइल लोकेशन को ट्रेस कर यह सफलता हासिल की. 

विज्ञापन


अब सरगुजा पुलिस की टीम आरोपी को अंबिकापुर लाने के लिए पटना के लिए रवाना हो चुकी है.


यह पूरी घटना सरगुजा के कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां 20 जुलाई को 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग छात्रा उप सरपंच के घर काम करने गई थी. आरोप है कि इसी दौरान तरुण जायसवाल ने उसे अश्लील वीडियो दिखाया और विरोध करने पर मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया. 


इतना ही नहीं, अगले दिन मामला दबाने के उद्देश्य से आरोपी ने पीड़िता के पिता को 8 लाख रुपये का लालच दिया, एक पंचनामा बनवाया और शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी.


22 जुलाई को जब पीड़िता के परिजनों और करीब 100 ग्रामीणों ने कोतवाली थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई, तब आरोपी अपने अंबिकापुर स्थित फ्लैट से फरार हो गया. भागने के दौरान उसने अपनी कार सूरजपुर जिले के रनहत स्थित ससुराल में छोड़ दी थी. 


आरोपी पर पुलिस पर पक्षपात करने के भी आरोप लग रहे थे, क्योंकि वह कथित तौर पर उच्च पुलिस अधिकारियों का नजदीकी रिश्तेदार बताया जा रहा था. 


इस ढिलाई के विरोध में सर्व आदिवासी समाज, भाजपा और कांग्रेस समेत स्थानीय लोगों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया, एसपी दफ्तर व थाने का घेराव किया और आरोपी पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया था. 


जनआक्रोश बढ़ता देख सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने भी आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और उसकी लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली थी. पुलिस अब आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर अंबिकापुर लाएगी, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP